
तोड़े जाएंगे मकान दुकान, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
Indore news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में सड़क निर्माण के लिए 150 से ज्यादा मकान-दुकान तोड़े जा सकते है। जानकारी के लिए बता दें कि सुभाष मार्ग से कंडिलपुरा होते हुए इंदौर वायर फैक्टरी तक 104 फीट चौड़ी सड़क बनना थी। क्षेत्रीय लोगों के विरोध करने पर रोड की चौड़ाई कम कर 80 फीट कर दी गई है। इसके हिसाब से बाधक निर्माण पर निशान भी लग गए हैं। लोग स्वयं ही निशान के हिसाब से अपने बाधक निर्माण तोड़ लें इसके लिए नगर निगम ने मुनादी कराना शुरू कर दिया है। लोगों के खुद बाधक निर्माण न तोडऩे पर निगम कार्रवाई करेगा। रोड की दोनों साइड मिलाकर 150 से ज्यादा मकान-दुकान पर तोडफ़ोड़ के निशान लगाए गए हैं।
सुगम यातायात और वाहन चालकों की सुविधाओं को देखते हुए शहर की संकरी रोड को चौड़ा किया जा रहा है। मास्टर प्लान के तहत रोड चौड़ीकरण किया जा रहा है। अभी रानी लक्ष्मीबाई बाई प्रतिमा से जिंसी और जिंसी से नेमीनाथ मंदिर चौराहा तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है, जिसका काम एक से डेढ़ महीने में पूरा करने का दावा निगम के जिम्मेदार अफसरों ने किया है। इसके साथ ही निगम ने अब सुभाष मार्ग से कंडिलपुरा होते हुए इंदौर वायर फैक्टरी रोड चौड़ीकरण की तैयारी कर ली है।
जनकार्य विभाग के प्रभारी राजेंद्र राठौर का कहना है कि कंडिलपुरा रोड पर मुनादी कराना शुरू कर दिया कि लोग स्वयं ही अपने बाधक निर्माण हटा लें वरना निगम बाधक निर्माण हटाएगा तो ज्यादा नुकसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले रोड 104 फीट चौड़ी बनना थी, लेकिन अब 80 फीट चौड़ा रोड बनाया जा रहा है, जिसके हिसाब से सड़क के दोनों तरफ निशान लगा दिए हैं। निशान हिसाब से दो-चार दिन में लोगों ने स्वयं ही बाधक निर्माण हटाना शुरू नहीं किया तो निगम कार्रवाई करेगा।
लक्ष्मीबाई बाई प्रतिमा से जिंसी चौराह तक बन रही 60 फीट चौड़ी सड़क में आमजन के बाधक निर्माण तो टूट गए हैं, लेकिन धार्मिक स्थल की बाधा अभी तक नहीं हटी है। इस रोड पर काली मस्जिद के साथ एक मंदिर का निर्माण बाधक है, जिसे हटाने का प्रयास निगम के अफसर लंबे समय से कर रहे हैं। मामले में जनकार्य विभाग के अफसरों का कहना है कि काली मस्जिद के प्रबंधकों से बात हो गई है, वह पीछे निर्माण कर रहे हैं। मस्जिद के सामने मंदिर है, जिसकी बाधा मस्जिद के चक्कर में नहीं हट रही है। इसलिए दोनों में समन्वय बैठाकर बाधा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दो- चार दिन में धार्मिक बाधा हट जाएगी।
Updated on:
07 Oct 2026 02:03 pm
Published on:
07 Oct 2026 02:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
