Weather Report: एमपी में इंदौर सहित खरगोन, खंडवा, बड़वानी में तेज हवा आंधी के साथ बारिश दर्ज हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
Weather Report: प्री-मानसून गतिविधियों के साथ इंदौर में बादलों की आवाजाही की गति भी बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण छाए बादलों ने उमस को बढ़ा दिया। हालांकि शाम के समय चली तेज हवाओं के बाद कुछ राहत मिल गई। वहीं, अगले 24 से 48 घंटे अहम हैं, क्योंकि इस दौरान निमाड़ के कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून ( monsoon ) की बारिश हो सकती है, इसका असर निमाड़ से मालवा ( Madhya Pradesh ) की ओर आने वाली हवाओं के साथ मौसम में नमी ला सकता है और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
शहर के तापमान में लगातार कमी होने से अब शाम के समय गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार को दिन का तापमान 36.6 डिग्री व रात का तापमान 25.4 डिग्री दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 35.8 डिग्री व 25.4 डिग्री दर्ज हुआ था। 24 घंटे में दिन के तापमान में 0.8 डिग्री की कमी दर्ज हुई है।
भारत मौसम विज्ञान ( weather department ) ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज हुई है। फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। जिसके कारण आने वाले दिनों में कई जिलों में तेज हवा आंधी के साथ बारिश होगी। यह प्री मानसून की स्थिति बना रही है। अगले 24 से 48 घंटे में इंदौर जिले सहित खरगोन, खंडवा, बड़वानी में तेज हवा आंधी के साथ बारिश दर्ज हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम केंद्र के अनुसार इंदौर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलिराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, देवास, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, दमोह, सागर आदि जिलों में मंगलवार को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मंगलवार को महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून कुछ हिस्सों में पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार इसकी रफ्तार धीमी हो सकती है। इससे मध्य प्रदेश में मानसून के समय से पहले पहुंचने की संभावना कम है, यह अपने तय समय के आसपास ही सक्रिय होगा। ये 17 जून को मध्यप्रदेश में पहुंच सकता है।