5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

9वीं कक्षा में प्रवेश के समय स्टूडेंट की उम्र 13 साल जरूरी !

MP News: कई स्कूल प्रबंधन भी स्पष्ट निर्देशों के अभाव में निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

2 min read
Google source verification
Students

Students (Photo Source - Patrika)

MP News: माध्यमिक शिक्षा मंडल की नई प्रवेश नीति ने एक बार फिर उम्र को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। खासकर 8वीं पास कर 9वीं में प्रवेश लेने वाले छात्रों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। नए नियम के अनुसार 9वीं कक्षा में प्रवेश के समय छात्र की न्यूनतम आयु 13 वर्ष होना जरूरी है, जबकि कई छात्र ऐसे हैं जो 8वीं पास तो कर चुके हैं, लेकिन उनकी उम्र 13 साल से कम है। ऐसे में स्कूलों में उनके नामांकन को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।

कई स्कूल प्रबंधन भी स्पष्ट निर्देशों के अभाव में निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, पिछले सत्र में भी इसी तरह का विवाद सामने आया था। तब स्कूलों ने छात्रों को प्रोविजनल एडमिशन दिया था और बाद में मंडल ने नियमों में आंशिक बदलाव कर राहत दी थी, जिससे छात्र अगली कक्षा में बैठ सके, लेकिन इस बार फिर वही स्थिति बनती नजर आ रही है।

यह है क्लास और आयु

निर्देशिका के अनुसार नर्सरी में 3 वर्ष, केजी-1 में 4 वर्ष, केजी-2 में 5 वर्ष और कक्षा 1 में 6 वर्ष आयु अनिवार्य है। नई प्रवेश नीति के अनुसार कक्षा 1 में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष तय की गई है। इस आधार पर छात्र को 9वीं तक पहुंचते-पहुंचते अधिकतम 14 वर्ष का होना चाहिए, लेकिन कई मामलों में छात्रों की उम्र इससे अधिक या कम हो रही है, जिससे तकनीकी अड़चनें सामने आ रही हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि इस बार छात्रों को राहत मिलती है या फिर नियमों की सख्ती के बीच कई बच्चों का भविष्य अधर में लटकता है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रवेश नियमानुसार ही दिए जाएंगे।

यदि किसी छात्र की उम्र 1 अप्रैल की स्थिति में निर्धारित मापदंड के अनुरूप नहीं है तो अभिभावक जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इन आवेदनों के आधार पर प्रकरण को उच्च स्तर पर भेजकर मार्गदर्शन लिया जाएगा और जरूरत पडऩे पर राहत भी दी जा सकती है।

5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% स्टूडेंट पास

बीते दिनों पहले ही मध्‍यप्रदेश में स्‍कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पेटर्न परीक्षाओं का परिणाम जारी किया गया था। प्रदेश के सभी स्कूलों का कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 95.14 प्रतिशत एवं कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 93.83 प्रतिशत रहा है। कक्षा 5वीं में 96.19 प्रतिशत छात्राएं एवं 94.15 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं कक्षा 8वी में 94.98 प्रतिशत छात्राएं एवं 92.74 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।