इंदौर

इंदौर में शीतलहर, नया सिस्टम एक्टिव अगले तीन दिन दांत किटकटाने वाली ठंड, आने-जाने वाली उड़ानें हुई लेट

MP Weather: मध्य प्रदेश में सर्द मौसम कहर ढा रहा है। पचमढ़ी में बर्फ की चादर बिछ गई है, तो ज्यादातर शहर घने कोहरे में डूबे हैं, वहीं इंदौर में मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए भयानक सर्दी का अलर्ट जारी किया है, नया सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के रूप में आगे बढ़ रहा है, पड़ेगी दांत कटकटाने वाली सर्दी...
2 min read
• •
Updated: 5 Jan 2026, 1:40 PM IST
MP weather record breaking winter
IMD Weather Forecast: एमपी के इंदौर में घने कोहरे और भयानक सर्दी का अलर्ट। (patrika file photo)

IMD Weather Alert: जनवरी में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट होने से ठंडक बढ़ी है और घना कोहरा भी छा रहा है। रविवार सुबह दृश्यता 100 मीटर रही। अधिकतम तापमान 22.3 व न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले यह 21.9 और 12.6 डिग्री था। चार दिन में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की कमी आई है। इसके असर से दिन में भी ठंडक का अहसास हो रहा है। लोग जैकेट व ऊनी कपड़े पहनकर ही दिन में भी बाहर निकल रहे हैं।

बता दें कि पूरा मध्य प्रदेश कोहरे और शीतलहर की चपेट है। घने कोहरे और सर्द हवाओं ने दैनिक दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड के कारण एक मौत की पुष्टि हुई है। वहीं स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

उत्तर भारत से आई सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा ने शाम को ठिठुरन बढ़ा दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक डॉ. दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में फैला है। एक ट्रफ लाइन भी बनी है। इन दोनों के असर से घना कोहरा छा रहा है। दिन का तापमान गिरने के साथ ही ठंडक बढ़ी है। आने वाले दो से तीन दिन तक ऐसी ही स्थिति रहेगी और दिन का तापमान कम रहेगा।

इस तरह बन रहा सिस्टम

- समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर 268 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवा चली।

- पश्चिमी हवा का एक ट्रफ पश्चिमी विक्षोभ के रूप में आगे बढ़ रहा है।

फ्लाइट का बिगडा़ शेड्यूल, इंदौर आने-जाने वाली इन उड़ानों में देरी

देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से दूसरे दिन भी मौसम के कारण उड़ानें लेट हुईं। शनिवार को जहां 41 उड़ानें प्रभावित थीं तो रविवार को 35 उड़ानें एक से चार घंटा तक देर से आईं या गईं। एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर 100 मीटर होने से विमानों का संचालन प्रभावित रहा। सुबह 9.21 बजे पहली उड़ान अहमदाबाद की आई। इसके बाद 9.30 बजे पुणे उड़ान की लैंडिंग हुई। सुबह से लेकर दोपहर तक उड़ानें प्रभावित होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा। सुबह से रात तक इंदौर आने वाली 17 और जाने में 18 उड़ानें लेट हुईं।

indore airport fog (patrika file photo)

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली जाने वाली उड़ान निरस्त रही। इंदौर से सुबह 6.35 से 6.55 बजे तक जयपुर, मुंबई और रायपुर की उड़ान संचालित होती है। जयपुर उड़ान सुबह आधा घंटे देरी से सुबह 7.05 बजे, मुंबई उड़ान 6.55 बजे और रायपुर उड़ान 7.01 बजे रवाना हुई।

इंदौर से सुबह 6.55 बजे जाने वाली जबलपुर उड़ान साढ़े तीन घंटा देरी से रवाना हुई। बेंगलूरु, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, गोवा, जम्मू, रीवा, उदयपुर, भुवनेश्वर, हैदराबाद शहरों की उड़ानें भी देरी से गईं। सुबह 6.40 बजे आने वाली पुणे की उड़ान तीन घंटा देरी से इंदौर आई। बेंगलूरु, जयपुर, भुवनेश्वर, गोवा, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, जयपुर, जम्मू, रीवा शहरों से उड़ानें एक से चार घंटा देरी से आईं।

Updated on:
5 Jan 2026, 1:40 PM IST
Published on: