इंदौर

इंदौर में बनेगा अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स हब, 600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा

Indore New Logistics Hub: नए लॉजिस्टिक्स हब का सीधा संपर्क इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे से होगा, 4 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर मिलेंगे।

2 min read
Jun 10, 2026
cm mohan yadav
new logistics hub to be built in Indore investment of over 600 crore (सीएम मोहन यादव की तस्वीर, source- facebook page cm mohan yadav)

Indore Logistics Hub: मध्यप्रदेश के इंदौर को जल्द ही एक और आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब की सौगात मिलने जा रही है। इस परियोजना में 600 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश होगा और इससे 4 हजार से ज्यादा प्रत्यक्ष -अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मप्र औद्योगिक विकास निगम (एमपीआइडीसी) ने एक्सएसआइओ लॉजिस्टिक्स को जिले के ग्राम माचल में 23.33 हेक्टेयर भूमि आवंटित की है। यहां कंपनी एक अत्याधुनिक और एकीकृत लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करेगी।

इंदौर में बनेगा नया लॉजिस्टिक हब

प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स हब का सीधा संपर्क इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से होगा,साथ ही यह इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ा रहेगा। यह नया पार्क पश्चिमी इंदौर में विकसित हो रहे बड़े लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का हिस्सा होगा। पहले से विकसित किए जा रहे 1,110 करोड़ रुपए के मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), पीथमपुर और आइसीडी टीही की सुविधाओं के साथ मिलकर यह परियोजना पूरे क्षेत्र को एक मजबूत लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में बदलेगी।

पीथमपुर में बनेगा सेंसोडाइन टूथपेस्ट

इधर इंदौर के समीप ही पीथमपुर में विश्व प्रसिद्ध उपभोक्ता स्वास्थ्य सेवा कंपनी हेलीयोन (Helion) इंडिया प्रालि की नई विनिर्माण इकाई का वर्चुअल भूमि पूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव(CM Mohan Yadav) ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। कंपनी में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश देश में आएगा। इस निवेश के लिए प्रस्ताव मुख्यमंत्री के यूनाईटेड किंगडम दौरे के दौरान प्राप्त हुआ था। पीथमपुर(Pithampur) में स्थापित होने जा रही इस अत्याधुनिक इकाई में लगभग 2,000 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। कंपनी को इस परियोजना के लिए लगभग 40 एकड़ भूमि आबंटित की गई है।

500 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर

यह इकाई प्रदेश में उपभोक्ता स्वास्थ्य उत्पादों के निर्माण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण निवेश साबित होगी। यह हेलीयोन समूह की खुद की प्रथम मैन्युफेक्चरिंग फैसिलिटी होगी। हेलीयोन विश्वस्तर पर सेंसोडाइन, आयोडेक्स, ईनो, ओट्रिविन, पैराडॉन्टैक्स एवं विभिन्न मल्टीविटामिन उत्पादों जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के लिए जानी जाती है। प्रस्तावित इकाई में सेंसोडाइन सहित अन्य उपभोक्ता स्वास्थ्य उत्पादों का निर्माण किया जाएगा, जिससे मध्यप्रदेश विशेषकर पीथमपुर क्षेत्र के फार्मास्युटिकल एवं कंज्यूमर हेल्थकेयर जोन में नया आयाम जुड़ेगा। इससे प्रत्यक्ष रूप से 500 रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

Published on:
10 Jun 2026 10:36 pm