10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पन्ना में घर में मिले आशा कार्यकर्ता और युवक के शव, दरवाजा पीटती रही बेटी

ASHA Worker Rajni Shukla: आरोपी ने घर पहुंचते ही आशा कार्यकर्ता की बेटी को घर से बाहर किया, आशंका है कि आशा कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की है।

2 min read
Google source verification
panna news

asha worker rajni shukla murder case man found dead in room (मृतका रजनी शुक्ला की जीवित अवस्था की तस्वीरें source-patrika)

Panna ASHA Workr Rajni Shukla Murder: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिलदहला देने वाली घटना से सनसनी फैल गई। यहां अंबेडकर वार्ड क्रमांक-1 में रहने वाली आशा कार्यकर्ता की घर में खून से लथपथ लाश मिली है, कमरे में एक युवक का शव भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पहले आशा कार्यकर्ता की हत्या की और फिर खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि आशा कार्यकर्ता और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले थे।

आशा कार्यकर्ता का घर में मिला शव

सुनवानी खुर्द निवासी आशा कार्यकर्ता रजनी शुक्ला (37) अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ पवई के अंबेडकर वार्ड में रहती थीं। बुधवार दोपहर सिमराखुर्द निवासी सुरेंद्र तिवारी (34) उनके घर पहुंचा और पहले बेटी को घर के बाहर कर दिया। बेटी के बाहर निकलते ही घर के अंदर से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में चीख-पुकार में बदल गया। जब बेटी ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। घबराई बेटी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

हत्या के बाद आरोपी के आत्महत्या करने की आशंका

सूचना पर पहुंची मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो अंदर किसी भी तरह की हलचल नहीं हुई। इसके बाद में दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो कमरे में आशा कार्यकर्ता रजनी शुक्ला का खून से लथपथ हालत में शव पड़ा हुआ था और पास ही सुरेंद्र तिवारी भी मृत अवस्था में मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र तिवारी ने पहले महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की और इसके बाद जहर का सेवन कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रहे हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, साथ ही मृतकों के नजदीकियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे हत्या और आत्महत्या की वजह का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि मृतका रजनी शुक्ला के जीवन में पहले भी दुखद घटना घट चुकी थी, जब उनके 12 वर्षीय पुत्र की बीते वर्ष संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।