
PM Awas Yojana falt:एमपी के इंदौर शहर में आज से 2 साल पहले वल्लभ नगर स्थित मार्केट को तोड़कर नया बनाने की प्लानिंग नगर निगम में की गई। जमीन को लेकर झगड़ा पैदा होने के चलते मार्केट का प्लान कागजों में ही रह गया और धरातल पर अभी तक नहीं आ पाया है। ऐसे में अब मार्केट की जगह प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाय) के तहत बहुमंजिला इमारत में फ्लैट या फिर मिक्स यूज यानी दुकानों के साथ फ्लैट बनाने की प्लानिंग की जा रही है। कारण मार्केट की जमीन का लैंड यूज आवासीय बताया जा रहा है।
वैसे, शहर के बीच वल्लभ नगर में आवासीय बहुमंजिला इमारत बनने से निगम को जहां इनकम होगी, वहीं पीएमएवाय के तहत जनता को बाजार से कम कीमत में फ्लैट मिल जाएगा। निगम ने वल्लभ नगर मार्केट को पूरा तोड़कर स्मार्ट सिटी कंपनी के माध्यम से 9 मंजिला इमारत पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मॉडल) पर बनाने की प्लानिंग आज से 2 साल पहले वर्ष-2024 में की थी। प्लानिंग के अनुसार जर्जर हो रहे मार्केट को पूरा तोड़कर नया बनाया जाना था। 9 मंजिला इमारत में 49 दुकानें और हर फ्लोर पर 4 से 5 फ्लैट बनाने की प्लानिंग की गई। इसके बाद जैसे ही जमीन संबंधित कागजों की छानबीन हुई तो जमीन नजूल विभाग की निकली और उपयोग आवासीय था। इस कारण मामला उलझ गया और नया मार्केट अभी तक नहीं बन पाया है।
राजकुमार ब्रिज के पास वल्लभ नगर में निगम का वर्षों पुराना मार्केट है। इसमें 27 दुकानें हैं जो कि जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गई हैं। यह देखते हुए क्षेत्रीय पार्षद व एमआइसी मेंबर नंदकिशोर पहाडिय़ा ने मार्केट को तोड़कर फिर से नया बनाने का प्रस्ताव महापौर पुष्यमित्र भार्गव के समक्ष रखा था। महापौर ने ही नया मार्केट बनाने की प्लानिंग की थी, जिस पर जमीन के चक्कर में आज तक काम शुरू नहीं हुआ।
मार्केट की जमीन नजूल के साथ आवासीय उपयोग की होने के चलते निगम अब मार्केट की जगह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बहुमंजिला इमारत में फ्लैट बनाने की प्लानिंग कर रहा है। इसकी पुष्टि पीएमएवाय के अपर आयुक्त अर्थ जैन ने की है। उनका कहना है कि मार्केट की जगह फ्लैट बनाने की प्लानिंग है, क्योंकि जमीन आवासीय उपयोग की है। इसलिए जमीन को लेकर निगमायुक्त के माध्यम से कलेक्टर से बात की जाएगी, क्योंकि जमीन नजूल की है। जमीन मिलने पर बहुमंजिला इमारत में फ्लैट बनाने के साथ अन्य कोई और भी प्लानिंग की जा सकती है।