इंदौर

मध्यप्रदेश में ‘5000 फ्लैट’ बनाने की डीपीआर मंजूर, हितग्राहियों का चयन शुरू

MP News: सबके पास खुद का आवास हो और मकान की कीमत भी कम हो इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की गई है।
2 min read
Apr 22, 2026
Pradhan Mantri Awas Yojana – 2.0
Pradhan Mantri Awas Yojana – 2.0 प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत 10 हजार फ्लैट का निर्माण होना है, जिसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूरी के लिए भोपाल गई है। 10 हजार में से 5 हजार फ्लैट बनाने की डीपीआर मंजूर हो गई है। अब जल्द ही फ्लैट का निर्माण सिंदौड़ा और सनावदिया में होगा, क्योंकि बहुमंजिला इमारत में फ्लैट निर्माण के लिए विभिन्न विभागों से परमिशन लेने की प्रकिया शुरू कर दी गई है।

परमिशन मिलते ही निर्माण कार्य और हितग्राहियों का चयन शुरू होगा। सबके पास खुद का आवास हो और मकान की कीमत भी कम हो इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की गई है। योजना के पहले चरण में इंदौर शहर और आसपास 13 जगहों पर मिली सरकारी व जमीन पर 18606 फ्लैट बनने के साथ लोगों को आबंटित होना शुरू हो गए हैं।

डीपीआर मंजूर हो गई

अब प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 पर काम शुरू किया गया है। इसके चलते सिंदौड़ा (रंगवासा), सनावदिया, बढयि़ाकीमा और उमरीखेड़ा में 10 हजार फ्लैट बनाने की डीपीआर मंजूरी के लिए राज्य शासन को भोपाल भेजी गई। भोपाल भेजी गई 10 हजार में से 5 हजार फ्लैट बनाने की डीपीआर मंजूर हो गई है। सिंदौड़ा और सनावदिया में यह 5 हजार फ्लैट बनाए जाएंगे।

इसके लिए टाउन एंड प्लानिंग, रेरा, बिल्डिंग परमिशन शाखा और प्रदूषण बोर्ड सहित अन्य विभागों से परमिशन ली जा रही है। परमिशन मिलते ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी करने के साथ फ्लैट आबंटन के लिए हितग्राहियों का चयन शुरू होगा। फ्लैट निर्माण को लेकर डीपीआर मंजूर होने की पुष्टि प्रधानमंत्री आवास योजना के अफसरों ने की है, जिनका कहना है कि बाकी जगहों की डीपीआर भी जल्द मंजूर होगी।

पहले चरण में बने हैं 18606 फ्लैट

प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में इंदौर शहर और आसपास मिली सरकारी खाली जमीन पर निगम ने बहुमंजिला आवासीय इकाई में वन, टू और थ्री बीएचके के मिलाकर तकरीबन 18606 फ्लैट बनाए हैं, जिसमें से 17086 बिक गए और बाकी 1520 रेरा रजिस्ट्रेशन में अटके पड़े हैं। इस कारण इन 1520 फ्लैट की अभी बुकिंग भी बंद है।

निगम ने जिन 13 साइटों पर फ्लैट का निर्माण किया है उनमें अरावली परिसर भूरी टेकरी, नर्मदा परिसर गोम्मटगिरि, शिवालिका परिसर देवगुराडिय़ा, कावेरी परिसर पालदा, नीलगिरि परिसर सनावदिया, पलाश परिसर वन (सिलिकॉन सिटी), पलाश परिसर टू व थ्री (ओमेक्स सिटी), गुलमर्ग परिसर कनाडिय़ा, ताप्ती परिसर सिंदौड़ा, लाइट हाउस कनाडिय़ां, शिप्रा परिसर सुपर कॉरिडोर शामिल है। यहां बने फ्लैट को बाजार से कम कीमत पर बेचा गया है ताकि गरीब और मध्यवर्गीय लोगों के अपने घर का सपना पूरा हो जाए।

Updated on:
22 Apr 2026 04:59 pm
Published on:
22 Apr 2026 04:59 pm