
Indore news: मध्यप्रदेश के इंदैर शहर में कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों के मकानों को अवैध कब्जा मानकर कोर्ट के आदेश पर जमींदोज कर दिया गया, लेकिन इसमें इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए है। स्कीम 171 का हिस्सा होने के बाद भी आइडीए ने इस जमीन को छोड़ने पर काफी हल्का हाथ रखा था। ग्राम खजराना की सर्वे 66 की जमीन 2003 में श्रीराम बिल्डर्स द्वारा खरीदे जाने के बाद ही इस जमीन को उस समय आइडीए की स्कीम 132 से बाहर कराने के प्रयास शुरू हो गए।
2007 में आइडीए इस जमीन का केस हार गया। सुप्रीम कोर्ट में भी जमीन पर केस हार गए। 2009 में आइडीए ने स्कीम 171 लागू की। इसमें इस खसरे की जमीन को शामिल किया गया। इस स्कीम से जमीन को छुड़वाने के लिए श्रीराम बिल्डर्स ने हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन श्रीराम बिल्डर्स ने इस बार भी 2007 के केस की ही पुनरीक्षण याचिका दायर की थी। 2017 में हाईकोर्ट ने इसे मान्य करते हुए जमीन को छोड़ने के लिए कहा। इस दौरान नई स्कीम को भी पुरानी स्कीम ही मानकर काम किया गया, लेकिन आइडीए ने युगलपीठ में और सुप्रीम कोर्ट में भी इसको कभी चुनौती नहीं दी। आइडीए की इस चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए है।
आइडीए की इस स्कीम से बाहर आने के लिए न्याय विभाग कर्मचारी गृह निर्माण संस्था, पुष्प विहार कॉलोनी बसाने वाली कर्मचारीगण गृह निर्माण संस्था, महालक्ष्मीनगर बसाने वाली देवी अहिल्या श्रमिक कामगार सहकारी संस्था भी लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इन संस्थाओं की जमीन आइडीए छोड़ने को तैयार नहीं है, जबकि इन संस्थाओं के हजारों लोग इसके कारण परेशान हो रहे हैं।
-31.03.2003 को तीन रजिस्ट्री से जमीन श्रीराम बिल्डर्स ने खरीदी। इसके बाद टीएंडसीपी ने आइडीए की स्कीम 132 होने के बाद में भी नक्शा पास कर दिया गया।
-श्रीराम बिल्डर्स ने 2006 में याचिका क्रमांक 14065/2006 दायर कर स्कीम 132 को चुनौती दी। 14.08.2007 को हाईकोर्ट ने जारी आदेश में इसे बाहर कर दिया।
-इसके खिलाफ आइडीए ने अपील नंबर 1455/2007 के जरिए हाईकोर्ट की युगलपीठ में चुनौती दी, जिस पर 24.04.2009 के फैसले के जरिए खारिज कर दिया। इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आइडीए ने अपील की, जिसे खारिज कर दिया।
-2009 में स्कीम- 171 लागू हुई। इसके खिलाफ फिर श्रीराम बिल्डर्स ने पुनरीक्षण याचिका दायर की। 08.04.2015 के आदेश द्वारा इस पुनरीक्षण याचिका को स्वीकार कर लिया गया और जमीन योजना संख्या 171 से बाहर करने के निर्देश दिए गए।
-इस आदेश का पालन नहीं होने पर श्रीराम बिल्डर्स ने राज्य सरकार के समक्ष अपनी शिकायत रखी। सरकार ने जमीन को छोड़ने के लिए कहा।
-राज्य सरकार के निर्देशों का पालन नाहीं होने पर श्रीराम बिल्डर्स ने हाईकोर्ट में न्यायालय के समक्ष रिट याचिका नंबर 6829/2019 दायर की, जिसे 09.05.2019 के आदेश द्वारा स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 20.09.2019 को आइडीए ने श्रीराम बिल्डर्स की जमीन को छोड़ दिया।
कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन ने 42 मकानों को तोड़ दिया। जिनके मकान टूटे वे परेशान हैं। कॉलोनी में जिन लोगों ने प्लॉट बेचे उन पर कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक एफआइआर नहीं हुई है। अवैध रूप से प्लॉट बेचने वालों में वह लोग भी शामिल हैं जिनके खिलाफ पूर्व दूसरी जमीनों को बेचने पर केस दर्ज हो चुका है। यहां के लोगों ने करीब 20 साल पहले प्लॉट खरीदे थे, वर्ष 2008 में कई लोगों ने रजिस्ट्री भी करवा ली थी। रजिस्ट्री पर बैंक लोन हासिल कर मकान बनाया, लेकिन अब मकान टूटने से कई लोग बेघर हो गए हैं और तंबू लगाकर निवास कर रहे हैं।
रहवासियों की मांग है कि जिन लोगों ने उन्हें प्लॉट बेचे उन पर पुलिस कार्रवाई की जाए। लोगों के मुताबिक, जिन लोगों ने उन्हें प्लॉट बेचे उनमें से कुछ पर न्याय नगर कॉलोनी के प्लॉट अवैध रूप से बेचने का केस दर्ज हो चुका है। इन्हीं लोगों ने कृष्णबाग कॉलोनी के प्लॉट भी अवैध रूप से बेचे। लोगों के मुताबिक, एमआर-10 से लगी कई कॉलोनियों के प्लॉट अवैध रूप से बेचे गए हैं, कई बार इसकी शिकायत हुई लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया और ये लोग अवैध रूप से प्लॉट बेचकर लोगों की मेहनत की कमाई को ठगते रहे।