
Indore news: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एमपी के इंदौर में 12 सितंबर को होने वाला छात्रों की गूंज कार्यक्रम अब 19 सितंबर को होगा। नेहरू स्टेडियम न मिलने पर अब कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने खाली जमीन पर होगा, जिस पर तैयारी शुरू हो गई है। राहुल गांधी के कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने के पीछे तैयारी करने को लेकर समय लगना बताया जा रहा है। इधर, राहुल गांधी के इंदौर आने पर कांग्रेस पूरी ताकत से लग गई है ताकि कार्यक्रम में जेन-जी की टारगेट के हिसाब से भीड़ जुट जाए। इसके लिए जहां कांग्रेसी घर-घर जाकर जेन-जी का रजिस्ट्रेशन करेंगे, वहीं कल एक ही विषय को लेकर दिनभर हुई अलग- अलग बैठकों में कांग्रेस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
इतना ही नहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक के दौरान प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी को यहां तक कह दिया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर आप आज और अभी से सारे काम से मुक्त हो। प्रदेश प्रभारी होने के नाते मैं यह घोषणा करता हूं। उन्होंने सज्जन सिंह वर्मा से कहा कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम गैर राजनीतिक है। इसमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के परिवार के बच्चों को भी आमंत्रित किया जाए।
प्रदेशाध्यक्ष पटवारी और प्रदेश प्रभारी चौधरी ने कल शुभकारज गार्डन और सोलारिस रिसोर्ट में इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग के पदाधिकारियों की मैराथन बैठक ली। पटवारी ने कहा सभी को मिलकर काम करना है। कार्यक्रम के अंदर राहुल गांधी के साथ सिर्फ छात्र और युवा रहेंगे। हम सब बाहर रहकर व्यवसथा संभालेंगे। कोई नेता अंदर नहीं जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि वैसे तो कार्यक्रम में 50 हजार छात्र और युवाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। अब जब कार्यक्रम की तैयारी के लिए ज्यादा समय मिल रहा है तो कार्यक्रम में 1 लाख छात्र और युवा को शामिल करने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग सेंटर पर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन करेगी, वहीं ब्लॉक, वार्ड और शहर व जिला कांग्रेस के पदाधिकारी घर-घर जाकर जेन-जी का रजिस्ट्रेशन करेंगे।