
Rahul Gandhi Indore visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर दौरे को लेकर खासे उत्साहित हैं। 19 सितंबर को मध्यप्रदेश के इंदौर में 'छात्रों की गूंज कार्यक्रम' से ठीक एक दिन पहले राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर अपनी उत्सुकता जाहिर की है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा है- कल क्या खिला रहे हो इंदौर? पोहा, जलेबी या कुछ और। इससे पहले शुक्रवार को इंदौर में कांग्रेस ने कार्यक्रम को लेकर प्रेस वार्ता की। इंदौर के भारत जोड़ो मैदान में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने संबोधित किया।
राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट कर इंदौरवासियों से सवाल पूछा है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा है- कल क्या खिला रहे हो इंदौर? पोहा, जलेबी या कुछ और। राहुल गांधी की इस पोस्ट को कुछ ही घंटों में 76 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया और तीन हजार से ज्यादा लोगों ने इस पर कमेंट्स किए हैं।
राहुल गांधी के कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस के सामने 31 शर्तें रखी हैं जिनमें निम्नलिखित बातों का उल्लेख किया गया है-
भीड़ का शपथ-पत्र : अपेक्षित भीड़ की वास्तविक संख्या का शपथ-पत्र देना होगा। स्थल की क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा सकेगा।
बाहरी की जानकारी : बाहर से आने वाली भीड़ की संख्या, बसों और निजी वाहनों की संचया, चालकों की जानकारी, रूट और पार्किंग प्लान पहले देना होगा।
सेक्टरवार व्यवस्था : कार्यक्रम स्थल का स्केल-मैप तैयार करना होगा। सेक्टरवार भीड़ व्यवस्था, गैंगवे, आपातकालीन कॉरिडोर और पार्किंग की व्यवस्था स्पष्ट करनी होगी।
मेडिकल इंतजाम : कार्यक्रम में 2 डॉक्टर, 4 पैरामेडिक और 4 एंबुलेंस की व्यवस्था करनी होगी। अस्पताल से टाई-अप भी जरूरी होगा।
बुनियादी सुविधाएं : पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैकअप सिस्टम और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
ड्रोन पर पूरी रोक : कार्यक्रम स्थल और आसपास ड्रोन का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
आपत्तिजनक सामग्री नहीं : आपत्तिजनक सामग्री तथा भड़काऊ पोस्टर- बैनर लगाने पर रोक रहेगी।
निर्देश मानना अनिवार्य : पुलिस ने आयोजकों को सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित व्यवस्था और प्रवेश प्रणाली का पालन करना होगा।