18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

एमपी प्रभारी हरीश चौधरी बीमार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के पहले अस्पताल पहुंचने से बढ़ी कांग्रेस की चिंता

Rahul Gandhi Program : जीतू पटवारी और हरीश चौधरी ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया, मास्क में दिखे प्रदेश प्रभारी, पूरी तरह नहीं थे स्वस्थ
2 min read
Google source verification
जीतू पटवारी और हरीश चौधरी प्रेस वार्ता में -

जीतू पटवारी और हरीश चौधरी प्रेस वार्ता में - फोटो सोर्स : X @INCMP

Rahul Gandhi : इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें अनेक अड़ंगे आ रहे हैं। कांग्रेस को कार्यक्रम के लिए बड़ी मुश्किलों से जमीन उपलब्ध हो सकी है। इसमें भी प्रशासन ने कड़ी शर्तें लगाईं हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने कांग्रेस से फिर 4 लाख रुपए भी जमा कराए। पार्टी नेताओं ने इसका विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इंदौर के अधिकारी भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के मध्यप्रदेश के प्रभारी हरीश चौधरी ने शुक्रवार सुबह पत्रकार वार्ता बुलाई। खास बात यह है कि कुछ घंटों पहले ही वे अचानक बीमार हो गए थे। हरीश चौधरी को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। राहुल गांधी के कार्यक्रम के ठीक पहले प्रदेश प्रभारी के बीमार हो जाने से कांग्रेस की चिंता और बढ़ गई। हालांकि प्रेस वार्ता में उनके शामिल होने से पार्टी नेताओं को कुछ राहत महसूस हुई।

इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले जगह को लेकर विवाद थम नहीं रहा है। रीजनल पार्क के सामने इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) के मैदान पर आयोजन होना है। इसके लिए आइडीए ने पहले कांग्रेस से करीब 10 लाख रुपए जमा करवाए थे। अब गुरुवार को फिर 4 लाख रुपए जमा करवाने का फरमान जारी कर दिया। इसके बाद फिर विवाद की स्थिति बनी।

हालांकि प्रशासन के निर्देश के बाद कांग्रेस ने उक्त राशि जमा करवाई। इस पर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप तेज हो गए। कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रशासन पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। वहीं आइडीए ने कांग्रेस को पत्र में स्पष्ट किया है कि 17 से 19 सितंबर तक की अनुमति थी लेकिन भूमि का उपयोग 14 से होने के कारण अतिरिक्त शुल्क मांगा है। इस स्थिति में आइडीए ने 4.03 लाख रुपए और जमा करने को कहा। पार्टी ने राशि जमा करवा दी है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर में 19 सितंबर को “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर आज इंदौर के भारत जोड़ो मैदान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया और कार्यक्रम की तैयारियों एवं उद्देश्यों की जानकारी साझा की। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी उपस्थित थे। वे मास्क लगाए नजर आए।

दरअसल प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी अचानक बीमार हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनके स्वास्थ्य पर चिंता भी जाहिर की थी। पत्रकार वार्ता में हरीश चौधरी आए जरूर पर वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं दिखे। राहुल गांधी के कार्यक्रम के ऐन पहले प्रदेश प्रभारी की अस्वस्थता से कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।