इंदौर

1 लाख पंजीयन के बाद भी राहुल गांधी के कार्यक्रम पर संशय, इंदौर प्रशासन ने नहीं दी मंजूरी

Chhatron Ki Goonj : छात्रों की गूंज : इंदौर में राहुल के कार्यक्रम की जगह तय नहीं, तीनों स्थानों की अभी तक अनुमति का इंतजार, रीजनल पार्क मैदान पर भी नहीं हुआ फैसला
2 min read
Sep 09, 2026
Rahul Gandhi
इंदौर में प्रस्तावित है राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम- Rahul gandhi (Photo- ANI)

Rahul Gandhi : इंदौर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने 1 लाख पंजीयन का दावा किया है। पार्टी नेता जहां इसका जश्न मना रहे हैं वहीं 19 सितंबर को प्रस्तावित इस कार्यक्रम की जगह अब तक तय नहीं हो पाई है। नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम के लिए अनुमति देने से इंकार कर दिया है, वहीं रीजनल पार्क के सामने की जमीन के लिए कांग्रेस के आवेदन पर आइडीए ने पुलिस से अभिमत मांगा है। कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए कहा कि कार्यक्रम की अनुमति में लगातार अड़चनें डाली जा रही हैं। बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए जगह देने से 10 दिनों से आनाकानी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से आज हर हाल में जमीन देने का आग्रह किया है।

कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने एक लाख से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। भंवरकुआं क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने इसका जश्न मनाया। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एनएसयूआइ, यूथ कांग्रेस, शहर और ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त बैठक भी हुई। विपिन वानखेड़े ने बताया कि जिले को 32 जोन में बांटकर टीमें छात्रों से संवाद करेंगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि नेहरू स्टेडियम के आवेदन पर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर अनुमति देने से इनकार किया। इसके बाद रीजनल पार्क के मैदान के लिए आईडीए में आवेदन किया गया, लेकिन अनुमति देने के बजाय पुलिस उपायुक्त जोन- 1 से बड़े आयोजन को लेकर अभिमत मांगा है।

नि:शुल्क चाय स्टॉल, चाय की चुस्की के साथ छात्रों की बात

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्र- छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शहर कांग्रेस सेवादल ने अनूठी पहल की है। 15 सितंबर से चार दिनों तक भंवरकुआं स्थित भोलाराम उस्ताद मार्ग पर 'छात्रों की गूंज' चाय स्टॉल लगाया जाएगा। इसमें नि:शुल्क चाय पिलाने के साथ सीधे संवाद व चर्चा की जाएगी। पंजीयन की शुरुआत मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास, पूर्व मंत्री सचिन यादव, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव एवं विधायक पंकज उपाध्याय की उपस्थिति में होगी।

बुधवार को हर हाल में कार्यक्रम स्थल की मंजूरी देने की प्रशासन से अपील

इस बीच इंदौर प्रशासन द्वारा जमीन की मंजूरी नहीं देने का कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने विरोध जताया है। उन्होंने बुधवार को हर हाल में कार्यक्रम स्थल की मंजूरी देने की प्रशासन से अपील की। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छात्रों की गूंज से जुड़ने का युवाओं से आव्हान किया है।

Updated on:
09 Sept 2026 02:24 pm
Published on:
09 Sept 2026 01:56 pm