
Raja Raghuvanshi Murder Case:मध्य प्रदेश के इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले (Raja Raghuvanshi murder case) फिर से मोड़ लेने को तैयार है। बीते दो दिन पहले ही हाईकोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत निरस्त करने की याचिका को किया खारिज कर दिया था। हाइकोर्ट ने सेशन कोर्ट के सोनम रघुवंशी को जमानत देने के आदेश को बरकरार रखा है। इस फैसले के बाद से ही राजा रघुवंशी के घर वाले परेशान हैं। वे नहीं चाहते ही कि सोनम जेल के बाहर रहे।
अब राजा के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला कर लिया है। मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि हम इसमें अब हाई कोर्ट में अपील नहीं करेंगे। अब हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द सोनम रघुवंशी की जमानत को खारिज करने की अपील करेंगे।
राजा के परिवार ने सोनम की जमानत पर गहरी नाराजगी जताई है कि मेघालय पुलिस की एक कानूनी लापरवाही के कारण आरोपी को जमानत का आधार मिल गया। दरअसल, गिरफ्तारी के समय पुलिस ने सोनम को हिरासत में लेने के कानूनी आधार नहीं बताए थे, जिसे हाई कोर्ट ने गंभीर चूक माना है।
राजा रघुवंशी के भाई विपिन का कहना है कि जिस समय गाजीपुर से सोनम को गिरफ्तार किया गया था तब पुलिस ने गिरफ्तारी की वजह तो बताई होगी। जब पुलिस किसी आरोपी को उठाती है तो उसको बताती है कि आरोप क्या है। ये तो लड़की है तो इसको बताया जरूर होगा। डॉक्यूमेंट भी साइन किए होंगे। उन्होंने आगे कहा कि जो लड़की मर्डर करके पुलिस को इतना गुमराह कर सकती है, उस लड़की को पुलिस बिना पूछताछ के तो उठा नहीं सकती। इसमें कहीं न कहीं पेपर का हेरफेर हुआ है। पुलिस से इतनी बड़ी चूक नहीं हुई होगी। आज इसी वजह से सोनम रघुवंशी बाहर है।
राजा के भाई ने आगे कहा कि "सोनम रघुवंशी के सरकारी वकील को कहीं न कहीं पैसा मिल रहा होगा इसलिए वो एक साल से लगातार मेहनत कर रहा है लेकिन हमारे सरकारी वकील को किसी तरह से पैसे की सहायता नहीं मिली है। इसी कारण हमें लग रहा है कि वकील साहब वहां पर कुछ बोल नहीं पा रहे हैं."
बीते साल 11 मई 2025 को इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी सोनम रघुवंशी से हुई थी। जिसके कुछ दिन बाद ही दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। कुछ दिन बाद 23 मई को दोनों के लापता होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की थी। तीन जून को राजा का शव एक खाई में मिला था। बाद में जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सोनम रघुवंशी की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी आरोपी बनाया गया था।