
Sonam Raghuvanshi news: मध्य प्रदेश के इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले (Raja Raghuvanshi murder case) में सोनम के मीडिया में आकर बोलने के बाद राजा रघुवंशी की मां ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया के सामने गुस्से में कहा कि सोनम की नीयत और कोर्ट के प्रति उसकी ईमानदारी पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जिसने अपने पति का साथ नहीं निभाया, उस पर किसी भी बात का भरोसा करना मुश्किल है।
एक मां ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि सोनम ने उनके बेटे को धोखा दिया। उनके शब्दों में बेटे को खोने का दुख साफ झलक रहा था, लेकिन साथ ही आरोप भी उतने ही गंभीर थे। बता दें 15 जून को सोनम का वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक न्यूज चैनल को इंटरव्यू दे रही थी और राजा के भाई विपिन के आरोपों (सोनम नेपाल भाग गई) पर जवाब देती दिखी।इसके बाद राजा की मां ने इस मामले में बयान दिया।
राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने सोनम से सीधे सवाल करते हुए कहा कि आखिर उसने उनके बेटे की हत्या क्यों करवाई। उनका कहना है कि इस सवाल का जवाब अब तक नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि जो महिला अपने पति की जान ले सकती है, वो कुछ भी कर सकती है।
इतनी ही नहीं उन्होंने सोनम के व्यवहार को लेकर भी कई बातें की। उन्होंने कहा कि सोनम ने जिस तरह उसने अपने वैवाहिक वचन तोड़े, उससे यह सवाल उठता है कि वह कोर्ट के निर्देशों का पालन कैसे करेगी। जब उसने समाज के सामने बाकायदा सात फेरे लिए थे, तब पति का धर्म क्यों भूल गई? जब वो मेरे बेटे को इंदौर से अपने साथ लेकर गई थी, तो उसे वहीं छोड़ देती। उनका कहना है कि रिश्ते में विश्वास सबसे अहम होता है, और जब वही टूट जाए तो हर बात पर शक होना स्वाभाविक है।
आगे उन्होंने कहा कि अगर उसका प्लान पहले से ही शिलॉन्ग में रहने का था, तो मेरे जवान बेटे का मर्डर करके ही वहां क्यों रहना चाहती थी? आज भी वो शिलॉन्ग में ऐश कर रही है और इंदौर आने की उसकी कोई प्लानिंग नहीं है। सोनम तो झूठी है ही, उसने हर कदम पर झूठ बोलकर इतनी बड़ी साजिश रची। एक मां से उसका बेटा छीन लिया, मेरे बच्चे का क्या कसूर था? उसे बड़ा करने में मुझे क्या-क्या झेलना पड़ा, यह सिर्फ मैं जानती हूं।
राजा की मां ने कहा है सोनम का पूरा परिवार उससे मिला हुआ है। ये लोग लगातार उससे वीडियो कॉल पर बात करते है। उसके हाथ में मोबाइल फोन भी अब दिखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम के माता-पिता उसका पूरा खर्च उठा रहे हैं और हर तरह से उसका साथ दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शिलॉन्ग जाकर उसके पिता ने उसे ताबीज पहनाया था, जिस पर भी सवाल खड़े होते हैं। कि ये ताबीज क्यों पहनाया गया है।
बीते साल 11 मई 2025 को इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी सोनम रघुवंशी से हुई थी। जिसके कुछ दिन बाद ही दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। कुछ दिन बाद 23 मई को दोनों के लापता होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की थी। तीन जून को राजा का शव एक खाई में मिला था। बाद में जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सोनम रघुवंशी की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी आरोपी बनाया गया था। बीते दो दिन पहले ही सोनम ने मीडिया से आकर बात की थी। उसने राजा के भाई के नेपाल भाग जाने वाली बातों के बारे में जवाब दिए थे।