
Indore news:एमपी के इंदौर शहर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की री-चेकिंग में पहले ही हफ्ते के रिजल्ट में बड़ा खेल सामने आया है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा इंदौर-1 में कई संदेहास्पद तथ्य मिले हैं। 12 से 19 नवंबर के बीच हुए एसआइआर रिवीजन की जानकारी निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों से साझा की है। इसके अनुसार फरवरी में हुई एसआइआर इआर के बाद इंदौर-1 की वोटर लिस्ट में नाम हटाने के लिए 23 फार्म 7 आए हैं। इनमें से 6 लोग ऐसे हैं, जिनकी मौत होने के कारण नाम लिस्ट से डिलिट करने को कहा है।
13 वोटरों के शिफ्ट होने या मौजूद न होने के कारण नाम हटाने को कहा है। 4 वोटरों के नाम पहले ही एनरोल्ड के तौर पर जुड़े हैं। उधर कांग्रेस प्रतिनिधि निर्वाचन संजय बाकलीवाल ने कहा कि निर्वाचन ने जो जानकारी दी है, उसमें कई जानकारी नहीं है। हमने इसके लिए निर्वाचन प्रेक्षक को मौखिक आपत्ति दर्ज कराई है। हम लिखित में भी आपत्ति ले रहे हैं।
इंदौर-1 के 7 दिन के लेखा जोखा में सैकड़ों नाम पहली बार वोटर बताकर फॉर्म 6 के तहत जोड़ने के लिए आए हैं। लेकिन इसमें भी कई नाम संदिग्ध हैं। हैं। निर्वाचन कार्यालय की दी गई जानकारी में वोटर के नाम, पिता या पति के नाम, पता और आवेदन की तारीख ही दी है। वोटर की उम्र नहीं बताई। वोटर का नाम किस मतदान केंद्र में जुड़ेगा, यह भी नहीं है। खास यह है कि राजनीतिक दलों को भेजी सूची में वोटरों के जो पते हैं, वे विधानसभा 1 के नहीं हैं। इंदौर-2, इंदौर-4 और देपालपुर विधानसभा के लोगों के नाम जोड़ने के लिए दिए हैं।
-13 नवंबर को आए आवेदनों में 50 नंबर पर जो नाम है, उसका पता इंदौर-2 के गोविंदनगर खारचा का है।
-14 नवंबर को आए आवेदनों में 68 नंबर का आवेदन इंदौर 2 के शिवकंठनगर निवासी का है।
-16 नवंबर को आए आवेदन में 11 नंबर पर इंदौर-4 के बाराभाई निवासी, देवास जिले की बागली विस में आने वाले सतवास के सतवास के भिवाई में रहने वाली महिला का नाम 24 नंबर पर जोडने के लिए है। विधानसभा 2 स्थित परदेशीपुरा के व्यक्ति का नाम 61 नंबर पर, 63-64 व 65 नंबर पर व्यंकटेश नगर एक्सटेंशन और देपालपुर स्थित स्मृति नगर के, उसके नाम जोड़ने के लिए आए।
-17 नवंबर की लिस्ट में इंदौर 2 में आने वाले नेहरूनगर गली-2 की महिला का 18 नंबर पर, खरगोन के व्यक्ति का नाम 101 नंबर पर, सांवेर विस में मांगलिया की महिला का नाम 102 नंबर, इंदौर-2 में आने वाले विजयनगर स्थित माउंट केरेमेल स्कूल के पास रहने वाली महिला का नाम 106 नंबर पर, विधानसभा 4 में आने वाले व्यासनगर झुग्गी बियाबानी के व्यक्ति का नाम 115 नंबर पर है।
फार्म 6 पहली बार वोटर बनने के लिए भरा है। मंत्री की विधानसभा में आए इन फॉर्म्स में उनका मूल पता भी उसी विधानसभा क्षेत्र का होना जरूरी है। यदि वे अन्य विधानसभा से शिफ्ट हुए हैं तो नाम फार्म 8 के जरिए जोड़ने का प्रावधान है। लेकिन उन्होंने फॉर्म 6 जमा किए हैं। यह संदेह खड़ा कर रहा है।