MP News: उड़ानों का संचालन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार-बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा।
MP News: करीब दो साल बाद फिर से देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से स्टार एयर एयरलाइंस 16 सितंबर से उड़ानें शुरू करने जा रही है। एयरलाइंस महाराष्ट्र के गोंदिया और बेंगलूरु के लिए उड़ान शुरू करेगी। विमान पहले बेंगलूरु से इंदौर पहुंचेगा और फिर गोंदिया जाएगा। वापसी में गोंदिया से इंदौर आकर फिर बेंगलूरु के लिए रवाना होगा।
ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि उड़ानों का संचालन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार-बुधवार और शुक्रवार को किया जाएगा। लंबे समय से इन रूटों की मांग की जा रही थी। इससे व्यापार और पर्यटन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
बेंगलूरु-इंदौर: एस5 204 उड़ान बेंगलूरु से दोपहर 2.30 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे इंदौर पहुंचेगी।
इंदौर-गोंदिया: एस5 460 उड़ान इंदौर से शाम 5 बजे उड़ेगी और शाम 5.55 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
गोंदिया-इंदौर: एस5 459 उड़ान गोंदिया से शाम 6.25 बजे उड़कर रात 7.20 बजे इंदौर आएगी।
इंदौर-बेंगलूरु: एस5 205 उड़ान इंदौर से रात 7.50 बजे रवाना होकर रात 9.45 बजे बेंगलूरु पहुंचेगी।
गोंदिया को परिवहन के लिहाज महत्वपूर्ण माना जाता है। महाराष्ट्र, मप्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर गोंदिया है। मालूम हो तीन साल पहले गोंदिया के लिए उड़ान शुरू की गई थी, लेकिन बाद में बंद हो गई थी। बेंगलूरु के लिए इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार उड़ाने हैं।