MPPSC- आइटी टीम जुटी सुधार में, 26 अप्रेल को है परीक्षा
MPPSC- मप्र लोक सेवा आयोग एमपीपीएससी इंदौर की सबसे अहम परीक्षाओं में बड़ा अड़ंगा आ गया है। एमपीपीएससी की राज्य सेवा परीक्षा और वन सेवा परीक्षा 2026 में दिक्कत आ रही है। आयोग की वेबसाइट में तकनीकी गड़बड़ी आ गई है जिसने इन अहम परीक्षाओं के अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिन से एमपीपीएससी का पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा, जिसके कारण उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। बुरी बात तो यह है कि गड़बड़ी के कारण परेशान अभ्यर्थियों को कोई स्पष्ट जवाब तक नहीं दिया जा रहा है। आयोग के अनुसार, सर्वर पर अधिक लोड आने से समस्या हुई।
एमपीपीएससी की ओर से परीक्षा के लिए 16 अप्रेल से एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, लेकिन शुक्रवार रात से वेबसाइट बार-बार बंद हो रही
राज्य सेवा परीक्षा और वन सेवा परीक्षा 26 अप्रेल को होने वाली है। एमपीपीएससी की ओर से परीक्षा के लिए 16 अप्रेल से एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, लेकिन शुक्रवार रात से वेबसाइट बार-बार बंद हो रही है। कई उम्मीदवारों ने ई-मेल से शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
राज्य सेवा के 155 पद और वन सेवा के 36 पद भरे जाने हैं
इस परीक्षा के जरिए राज्य सेवा के 155 पद और वन सेवा के 36 पद भरे जाने हैं। करीब 1.35 लाख ने आवेदन किया है। परीक्षा के लिए 54 जिलों में 500 से ज्यादा केंद्र बनाए हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि एडमिट कार्ड न मिलने से केंद्र की जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिससे यात्रा और तैयारी की योजना प्रभावित हो रही है। कुछ उम्मीदवारों को दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाना है।
परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर सुबह 10 से 12 बजे तक तो दूसरा पेपर दोपहर 2:15 से 4:15 बजे तक होगा।
आयोग के अफसरों के अनुसार, सर्वर पर अधिक लोड आने से समस्या हुई है। आइटी टीम लगातार मेंटेनेंस में जुटी है और जल्द ही वेबसाइट को सामान्य किया जाएगा।
प्रमुख बिंदु
एमपीपीएससी का परीक्षा पोर्टल ठप
राज्य सेवा और वन सेवा परीक्षा 2026 में आई दिक्कत
26 अप्रेल को है परीक्षा
एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे अभ्यर्थी
शिकायत का जवाब नहीं दे रहा आयोग
आइटी टीम जुटी सुधार में