
Kailash Vijayvargiya : इंदौर में एमपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधा। रविवार को वे शहर में थे। उन्होंने रेवती रेंज पहाड़ी पर बने आशा हॉल के सवाल पर कहा कि इंदौर की जमीनों पर भाजपा नेता कब्जे कर रहे हैं। उमंग सिंघार ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी से मौतों के मामले में अफसरों पर कार्रवाई हो रही। जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर नहीं। उन्होंने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उमंग सिंघार ने रक्षाबंधन के त्यौहार पर आयोजित स्नेह बंधन कार्यक्रम में शिरकत की। उन्हें महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रीना बौरासी ने राखी बांधी।
लोकार्पण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्नी आशा विजयवर्गीय के जन्मदिन पर उनके हाथों से ही फीता कटवाकर किया
इंदौर के रेवती रेंज में आशा हॉल का निर्माण किया गया है। इसका लोकार्पण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पत्नी आशा विजयवर्गीय के जन्मदिन पर उनके हाथों से ही फीता कटवाकर किया था।
इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय ने पितृ पर्वत पर अपना आलीशान रेस्ट हाउस बनवाया। कुछ दिनों से विजयवर्गीय अपनी अहम मीटिंग और मेल मुलाकात यहीं कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पितृ पर्वत और रेवती रेंज में निजी या अन्य निर्माण करने पर प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। निर्माण को रोकने का प्रयास तक नहीं किया गया।
पितृ पर्वत पर अब मंत्री समर्थक द्वारा हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है। यहां करीब 1 हजार बटुकों के ठहरने की व्यवस्था होगी। हॉस्टल निर्माण को लेकर शासन की कोई योजना नहीं है।
पितृ पर्वत और रेवती रेंज में इन निर्माणों को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को घेरा। उन्होंने कहा कि इंदौर से उज्जैन तक भूमाफिया सक्रिय हैं। उमंग सिंघार ने मंत्री कैलाश को उनके उस बयान पर भी घेरा, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे शकर नहीं खाते हैं। वे नहीं खाते तो कम से कम जनता को बता दें सस्ती शकर कब मिलेगी। उमंग सिंघार ने कहा कि छात्र हनुमान की तरह हैं। हनुमान लंका में आग लगाते हैं तो जलना तय होता है। सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करें।