इंदौर

एक हाथ में मोबाइल, दूसरे से ट्रॉली बैग धकेलते रहे वैभव सूर्यवंशी, इंदौर पुलिस ने की खास अपील

Indore T 20 : भारत-वेस्टइंडीज मैच आज, इंदौर आए वैभव सूर्यवंशी सहित सभी भारतीय प्लेयर्स, वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा या संजू सैम्सन ही खेलेंगे— लग रहे कयास
2 min read
• •
Oct 11, 2026
वैभव सूर्यवंशी, संजू सैम्सन के साथ
वैभव सूर्यवंशी, संजू सैम्सन के साथ (Photo- IANS)

Indore T 20 : इंदौर में आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इसके लिए शहर में रविवार को सुबह से ही उत्साह देखा जा रहा है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में आज शाम को होलकर स्टेडियम पर रोमांच का नया अध्याय लिखे जाने की उम्मीद है। मुकाबले से एक दिन पहले शनिवार दोपहर दोनों टीमें विशेष चार्टर प्लेन से इंदौर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर खिलाडिय़ों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुटी रही। वैभव सूर्यवंशी ने एक हाथ में मोबाइल रखा था जबकि दूसरे हाथ से वे ट्रॉली बैग धकेलते रहे। इस बीच इंदौर पुलिस ने दर्शकों से असुविधा से बचने के लिए लोक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। इस मैच में सबकी निगाहें दोनों टीमों के प्रदर्शन और इंदौर की बल्लेबाजों के मुफीद पिच पर रहेंगी। सपाट पिच और छोटी बाउंड्री के कारण यहां बड़े स्कोर और लंबे छक्के देखने को मिल सकते हैं।

कड़ी सुरक्षा

इंदौर में मैच को देखते हुए कड़ी सुरक्षा की गई है। एयरपोर्ट से ज्यादातर खिलाडिय़ों को सीधे होटल पहुंचाया गया। इधर भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस पिच का मुआयना करने होलकर स्टेडियम पहुंचे और काफी समय वहां बिताया।

बल्लेबाजों को मदद

मैच से पहले दोनों टीमों के अभ्यास करने की संभावना है। दोनों टीमों ने शनिवार को नेट प्रैक्टिस नहीं की। होलकर स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों को मदद मिलने की परंपरा रही है, लेकिन ऐसे मैदान पर छोटी-सी चूक भी भारी पड़ सकती है। कैच छोडऩा और अहम मौकों को गंवाना पिछले मुकाबलों में टीमों को नुकसान पहुंचा चुका है। ऐसे में बेहतर बल्लेबाजी के साथ-साथ क्षेत्ररक्षण भी मैच का रुख तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

पुलिस की अपील और हेल्पलाइन:

क्रिकेट मैच को देखते हुए शहर में खासी चहल पहल नजर आ रही है। इधर इंदौर पुलिस ने दर्शकों से खास अपील की है। पुलिस ने लोगों से लोक परिवहन का उपयोग करने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने कहा कि यातायात संबंधी समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर सूचना दें।

Updated on:
11 Oct 2026 11:10 am
Published on:
11 Oct 2026 08:51 am