इंदौर

भारत में Regime Change पर एमपी बीजेपी का बड़ा हमला, पोस्ट किया वीडियो

MP BJP : इंदौर में “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा में उमड़ी भीड़ से नेता उत्साहित, मध्यप्रदेश भाजपा ने जारी किया वीडियो
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 4:47 PM IST
मध्यप्रदेश भाजपा ने जारी किया वीडियो
मध्यप्रदेश भाजपा ने जारी किया इंदौर का वीडियो- image X @BJP4MP

MP BJP : इंदौर में बीजेपी की “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा में खासी भीड़ उमड़ी। इससे सभी नेता उत्साहित हो उठे। मध्यप्रदेश भाजपा ने कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह अराजकता के विरुद्ध जनता की हुुंकार है। बीजेपी ने भारत में Regime Change करने की बात उठानेवालों पर भी तंज कसा।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया की उपस्थिति में इंदौर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश प्रभारी विप्लव देव, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर के साथ प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में भीड़ देख राज्य सरकार व संगठन के सभी नेताओं का जोश जाग गया।

पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि​ अराजकता के विरोध में इंदौर में उमड़ा विराट जनसमूह पूरे देश को यह संदेश दे रहा है कि लोकतंत्र में अराजकता और अव्यवस्था के लिए कोई स्थान नहीं है। इंदौर का जनसैलाब लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनमानस की प्रतिबद्धता और जागरूकता का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए लगातार भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन देश और प्रदेश की जागरूक जनता अब ऐसी भ्रामक राजनीति और अराजकता फैलाने वाली प्रवृत्तियों को भली-भांति समझ चुकी है।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, किंतु उसकी आड़ में जनजीवन बाधित करना और सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित करना अनुचित है। यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार, मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवगीर्य और तुलसी सिलावट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान प्रभारी निशांत खरे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य और आम जन उपस्थित रहे।

केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आज की पदयात्रा में शामिल लोगों ने देश में अराजकता फैलाने वाली शक्तियों को जो करारा जवाब दिया है, वह अभिनंदनीय है। उन्होंने इसे अपार समर्थन, अटूट विश्वास और उत्साहपूर्ण सहभागिता करार देते हुए आभार भी व्यक्त किया।

एमपी बीजेपी ने कार्यक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। भाजपा ने कहा कि इंदौर का कार्यक्रम वस्तुत: अराजकता के विरुद्ध जनता की हुंकार है। एमपी बीजेपी ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:

नेपाल और बांग्लादेश की तरह भारत में Regime Change का सपना देखने वालों, अराजकता के विरुद्ध जनता की यह हुँकार सुन लो!

📍इंदौर : “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा!

Updated on:
30 Oct 2026, 4:47 PM IST
Published on: