इंदौर

इंदौर के विक्रम ने दोनों हाथ गंवाए, पैरों से लिखकर की PhD, अब दिव्यांगों के लिए बनवा रहे ‘ड्राइविंग लाइसेंस’

Driving License: सात साल की उम्र में हाईटेंशन लाइन हादसे में दोनों हाथ गंवाने वाले इंदौर के विक्रम अग्निहोत्री ने पैरों से लिखकर अर्थशास्त्र में पीएचडी हासिल की और विशेष ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किया।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:53 PM IST
पैर गवां चुके विक्रम अग्निहोत्री, (Photo Source - Patrika)
पैर गवां चुके विक्रम अग्निहोत्री, (Photo Source - Patrika)

Indore news: सात साल की उम्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से इंदौर (मध्य प्रदेश) के विक्रम अग्निहोत्री ने अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे। इसके बाद जिंदगी का हर काम उनके लिए चुनौती बन गया, लेकिन उन्होंने अपनी शारीरिक कमी को जिंदगी की सीमा नहीं बनने दिया। पैरों को कलम बनाया, पढ़ाई जारी रखी और अर्थशास्त्र में पीएचडी हासिल की। इतना ही नहीं एक और ऐसी लड़ाई लड़ी जिसका फायदा आज दूसरे दिव्यांगों को मिल रहा है। खुद ड्राइविंग लाइसेंस के लिए संघर्ष करने वाले विक्रम अब तक देश के अलग- अलग राज्यों के 18 दिव्यांगों को लाइसेंस हासिल करने में मदद कर चुके हैं। उनके लिए यह सिर्फ वाहन चलाने की सुविधा नहीं, बल्कि किसी पर निर्भर हुए बिना अपनी जिंदगी जीने का रास्ता है।

अधिकारों से नहीं हो सकते वंचित

विक्रम के लिए ड्राइविंग सीखना और लाइसेंस हासिल करना आसान नहीं था। दोनों हाथ नहीं होने के कारण उनके सामने नियमों और व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां थीं। वे चाहते थे कि यदि कोई दिव्यांग व्यक्ति तकनीकी रूप से वाहन चलाने में सक्षम है तो उसे सिर्फ शारीरिक स्थिति के आधार पर इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने संघर्ष किया। सितंबर 2016 में उन्हें विशेष ड्राइविंग लाइसेंस मिला। विक्रम के मुताबिक वे हाथों से दिव्यांगता के बावजूद लाइसेंस हासिल करने वाले देश के पहले व्यक्ति बने। विक्रम के अनुसार अपनी सफलता के बाद इसे सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने दूसरे दिव्यांगों को भी लाइसेंस हासिल करने की प्रक्रिया समझाना और मदद करना शुरू किया।

अब तक कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और जम्मू-कश्मीर सहित अलग-अलग राज्यों के 18 दिव्यांगों को मदद कर चुके हैं। इनमें ऐसे लोग भी हैं जिनके दोनों हाथ नहीं हैं या एक हाथ अथवा पैर नहीं है। केरल की एक युवती जिसके जन्म से ही दोनों हाथ नहीं हैं, उसे भी लाइसेंस दिलाने की प्रक्रिया में उन्होंने मदद की। बाद में केरल के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने युवती को लाइसेंस प्रदान किया।

पैरों से लिखकर हासिल की पीएचडी

विक्रम का संघर्ष सिर्फ आत्मनिर्भर बनने तक सीमित नहीं रहा। सात साल की उम्र में हादसे के बाद उन्होंने पैरों से लिखने का अभ्यास किया और इसी तरह अपनी पढ़ाई पूरी की। 24 मार्च 2024 को उन्होंने अर्थशास्त्र में पीएचडी हासिल की। उनका शोध विशेष रूप से सक्षम विद्यार्थियों की आर्थिक स्थिति पर था। शोध में उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों के सामने शिक्षा, आर्थिक संसाधनों और अवसरों से जुड़ी चुनौतियों का अध्ययन किया।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:53 PM IST
Published on: