
Indore news: एमपी के इंदौर शहर में पलाश परिसर की आठवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत के मामले में तेजाजी नगर थाना पुलिस जांच कर रही है। परिजनों को सूचना देने के बावजूद कोई इंदौर नहीं पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि युवती की एक अन्य रिश्तेदार दिल्ली में रहती है और युवती कुछ समय तक उसके घर पर भी रही थी। जिसके बाद पुलिस ने उसे भी घटना की जानकारी दी है। हालांकि उन्होंने भी आने से इंकार कर दिया। जिसके बाद शव खराब न हो जाए इसलिए पुलिस ने इसे फ्रीजर में रखवाया है।
अगले कुछ दिनों में कोई रिश्तेदार नहीं पहुंचा तो पुलिस नियमानुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करेगी। वहीं दूसरी ओर साथी युवक ने आशंका जताई कि तनाव और शराब के कारण युवती ने गलत कदम उठाया होगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद जांच की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।
युवती के साथ रह रहे युवक ने ने पुलिस को बताया कि वह अपने ढाई साल के बेटे को याद कर तनाव में थी। पति द्वारा बेटे के साथ फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से भी वह परेशान थी। युवक के मुताबिक, शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान युवती बेटे को याद कर रो रही थी। हालांकि, पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि पलाश परिसर की आठवीं मंजिल से युवती के गिरने की सूचना मिली थी। स्थानीय रहवासी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि युवती मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली थी। पुलिस ने 1100 किमी. दूर परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी, लेकिन उसकी मां ने इंदौर आने से इनकार कर दिया। इसके बाद वैधानिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराया गया। इस पूरे मामले के बारे में पुलिस का कहना है कि परिवार भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। अब पोस्टमार्टम और कई लोगों के पूछताछ के बाद ही सच सामने आएगा।