इटारसी

पोस्टर पर छापे जाएंगे बकायादारों के नाम, 6 करोड़ से अधिक कर बकाया, नपा करेगा कड़ी कार्रवाई

Tax defaulters: मध्य प्रदेश की इटारसी नगर पालिका को शहरवासियों से जलकर, संपत्तिकर समेत अन्य करों का 6.54 करोड़ रुपए बकाया वसूलना है। वसूली में सख्ती के तहत बकायादारों के नाम फ्लेक्स पर सार्वजनिक किए जाएंगे।

less than 1 minute read
Mar 30, 2025

Tax defaulters: नगर पालिका (नपा) इटारसी को शहरवासियों से जलकर, संपत्तिकर सहित अन्य करों का लगभग 6 करोड़ 54 लाख 12 हजार 685 रुपए वसूलना है। बकाया वसूली में पिछड़ रही नपा ने अब सख्ती का रुख अपनाया है। शहर में मुनादी कराकर चेतावनी दी जा रही है कि यदि बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो बकायादारों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। इसके तहत बकायादारों के नाम के फ्लेक्स शहर में लगाए जाएंगे।

वसूली में सख्ती का दौर

नपा के मुताबिक, पिछले वर्षों में 7.60 करोड़ रुपए की बकाया मांग में से 2.9 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। वर्तमान में 2.75 करोड़ रुपए में से 1.83 करोड़ रुपए की वसूली करनी बाकी है। इसके अलावा, कचरा संग्रहण शुल्क के नाम पर भी 22 लाख रुपए से अधिक बकाया है, जो कि ठोस अवशिष्ट प्रबंधन उपभोक्ता शुल्क के तहत आता है।

कर वसूली का ठेका

राजस्व वसूली में पिछड़ने के चलते, नपा ने वसूली का काम ठेके पर देने का प्रस्ताव तैयार किया है। नपा अध्यक्ष पंकज चौरे के अनुसार, इस प्रस्ताव को 25 सितंबर 2024 को हुए सम्मेलन में मंजूरी मिली थी। प्रस्ताव की कॉपी और अन्य दस्तावेज शासन को भेज दिए गए हैं।

नपा की चेतावनी

मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) रितु मेहरा ने कहा कि शहर में कर वसूली के लिए मुनादी कराई जा रही है। यदि बकायादारों ने जल्द टैक्स जमा नहीं किया, तो उनके नाम फ्लेक्स पर लिखकर सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।

वसूली में पिछड़ने का कारण

पिछले कुछ वर्षों से राजस्व अमला कर वसूली में पिछड़ रहा है, जिससे नगर पालिका को राजस्व हानि का सामना करना पड़ रहा है। अब नपा ने सख्ती दिखाते हुए बकायादारों पर दबाव बनाने का निर्णय लिया है।

Published on:
30 Mar 2025 02:04 pm
Also Read
View All

अगली खबर