
जबलपुर. पाटन रोड पर टिमरी गांव के पास शनिवार दोपहर डेढ़ बजे मिनी ट्रक पलटने के बाद ताबड़तोड़ अंदाज में कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसों में कार सवार दो लोग गम्भीर घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। मौके पर माढ़ोताल, भेड़ाघाट और पाटन पुलिस पहुंची।
माढ़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे ने बताया कि टिमरी गांव के पास टायर लोड मिनी ट्रक एमपी 20 सीडी 1274 रोड किनारे पलट गई थी। इसका मॉल लोडिंग वाहन में दोपहर में अनलोड हो रहा था। तभी कार एमपी 20 सीजे 6495 वहां से निकली। उसका चालक हादसे वाले मिनी ट्रक को देख रहा था। तभी पीछे से पाटन से जबलपुर की ओर आ रही मां नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेवल्स की बस एमपी 20 पीए 1009 के चालक ने कार को पीछे से टक्कर मारते हुए रोड किनारे झाडिय़ों में पेड़ से जा टकराया।
जबकि, कार से टकरा कर एक बाइक सवार रोड किनारे गिर गया। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हुई। हादसे के समय कार एमपी 20 ए 0926 के चालक भी बचने के चक्कर में पेड़ से जा टकराया। हादसे में कार सवार चौराई दमोह निवासी निवासी सुभाष तिवारी और विक्रम ठाकुर घायल हो गए। जबकि, बस में सवार 12 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग निकला।
तेज बारिश होना भी हादसे की वजह बताई जा रही है। एक्सीडेंट के बाद घटनास्थल के दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। माढ़ोताल, भेड़ाघाट व पाटन पुलिस को जाम खुलवाने में एक घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
उधर लिंक रोड पर कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला डॉ. घायल
मदन महल थानांतर्गत लिंक रोड पर शनिवार शाम कछपुरा ब्रिज से अंडरब्रिज की ओर तेज रफ्तार से आ रही कार एमपी 20 सीई 8779 ने स्कूटी एमपी 20 एसएम 3293 को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार स्नेह नगर निवासी डॉक्टर शिल्पी सोनकर घायल हो गईं। उनका एक पैर फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें गोलबाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने कार जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार शिल्पी सोनकर बेटे रुद्राक्ष के साथ चाय लेकर रानी दुर्गावती पार्क के सामने निर्माणाधीन अपने दूसरे मकान पर जा रही थीं। तभी ये हादसा हुआ। हादसे में बेटा बाल-बाल बच गया। कार को युवती ड्राइव कर रही थी। उसमें तीन और युवतियां सवार थीं, जो हादसे के बाद कार छोडकऱ मौके से भाग निकलीं। पुलिस ने कार जब्त करते हुए चालक के खिलाफ धारा 279, 337 का प्रकरण दर्ज कर लिया।