जबलपुर

बीजेपी पूर्व मंत्री ने भीड़ के साथ किया थाने में घुसने का प्रयास, हंगामा, देखें वीडियो

साढ़े 3 घंटे तक दिया धरना, एसपी पर लगाए कांग्रेस के इशारे पर कार्रवाई करने के आरोप
2 min read
• •
Updated: 17 Jun 2018, 11:33 PM IST
BJP MLA thundered in police station
BJP MLA thundered in police station

जबलपुर। बेलबाग थाने में दो पड़ोसियों के बीच मारपीट के मामले में 65 वर्षीय बुजुर्ग को आरोपित बनाए जाने को लेकर भाजपा विधायक अंचल सोनकर ने रविवार को साढ़े तीन घंटे तक समर्थकों के साथ धरना दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि एसपी कांग्रेसियों के दबाव में काम कर रहे हैं। विधायक एसपी को थाने बुलाने की जिद पर अड़े थे। शाम 6.20 बजे डीआईजी भगवत सिंह चौहान पहुंचे और बुजुर्ग की शिकायत पर दूसरे पड़ोसी पर मामला दर्ज कराया। तब विधायक का धरना समाप्त हुआ।

ये थी घटना
बाई का बगीचा निवासी गणेश गुप्ता और श्रीकांत चौबे पड़ोसी हैं। दोनों के घर के बीच संयुक्त सीढ़ी है। इसे लेकर दोपहर में दोनों के बीच मारपीट हो गई। मामले में चौबे परिवार की तरफ से बेलबाग थाने में गणेश गुप्ता के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने गणेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गणेश की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसकी जानकारी भाजपा विधायक अंचल सोनकर को हुई, तो वे दोपहर तीन बजे बेलबाग थाने पहुंचे। वहां पता चला कि एसपी के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। विधायक ने थाने से ही एसपी से बात की और मौके पर बुलाया। एसपी ने कार्रवाई कराने की बात तो कही, लेकिन थाने आने से मना कर दिया। इस पर सोनकर समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।

नगर अध्यक्ष भी पहुंचे
धरने की सूचना पर भाजपा के नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर सहित दूसरे नेता भी पहुंचे। विधायक ने एसपी पर आरोप लगाया कि वे कांग्रेसियों के दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। हंगामे की सूचना पर एएसपी दीपक शुक्ला, हनुमानताल, ओमती, कोतवाली व घमापुर टीआई भी पहुंचे, लेकिन विधायक एसपी को थाने बुलाने पर अड़े रहे।

थाने के अंदर घुसने की कोशिश
विधायक के समर्थकों ने थाने के अंदर भी घुसने की कोशिश की। उजसके बाद लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया। शाम 6.20 बजे डीआईजी भगवत सिंह चौहान पहुंचे। गणेश गुप्ता की शिकायत पर श्रीकांत चौबे व अन्य खिलाफ भी मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।

एसपी को सराहा था
दो दिन पहले विधायक सोनकर ने पुलिस कैंटीन के शुभारम्भ पर एसपी को सराहते हुए कैंटीन के आस-पास विकास कार्य के लिए निधि से एक लाख रुपए देने की घोषणा की थी। चर्चा है कि कांग्रेसियों की शिकायत पर एसपी की ओर से कार्रवाई व टीआई के निलम्बन के कारण तकरार हो गई।

इसलिए नाराज थे विधायक
दो पड़ोसियों के घर के बीच संयुक्त सीढ़ी को लेकर विवाद था। पुलिस ने एक पक्ष पर मामला दर्ज किया था। विधायक थाने पहुंचे और दूसरे पक्ष की चोट दिखाने के लिए एसपी को बुलाया था। एसपी के मना करने पर विधायक नाराज थे। दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मामला दर्ज कर लिया गया है।
भगवत सिंह चौहान, डीआईजी

Published on: