जबलपुर

बीजेपी के एक और मंडल अध्यक्ष पर केस, जबलपुर से सीधी तक भाजपा नेता हुए बेकाबू!

BJP Leader Sex Racket Case: भाजपा नेताओं की लगातार बढ़ती शर्मनाक हरकतें पार्टी के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। जबलपुर में अब एक और मंडल अध्यक्ष पर केस दर्ज हुआ जिसपर जमीन कब्जा करने और मारपीट करने का आरोप लगा है।
2 min read
Jun 05, 2025
Case filed against another Mandal President of BJP in jabalpur for land grabbing and assaulting the family of businessman after BJP Leader Sex Racket Case
बीजेपी के एक और मंडल अध्यक्ष पर केस (फोटो सोर्स- प्रशांत दुबे गुल्लन फेसबुक प्रोफाइल)

BJP Leader Sex Racket Case: सत्ता का रसूख सिर चढ़कर बोल रहा है। भाजपा के नेताओं की कभी बदजुबानी पार्टी की परेशानी बढ़ा रही है। कभी बेधड़क उनके कानून हाथ में लेने से फजीहत हो रही है। अप्रैल से अब तक सिर्फ जबलपुर में ही भाजपा के तीन नेताओं पर गंभीर आरोप लगे। पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया पर होटल को देह व्यापार का ठिकाना बनाने का आरोप लगा। वहीं, मंडल अध्यक्ष जागृति शुक्ला व शैलेंद्र सिंह राजपूत ने जैन समाज पर अमर्यादित टिप्पणी की।

अब गिरिराज किशोर कपूर मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे पर जमीन कब्जे के लिए रिश्तेदारों के साथ कारोबारी के पूरे परिवार को पिटवाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मंडल अध्यक्ष समेत अन्य पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। तीन माह में यह नेताओं की तीसरी करतूत है। बदजुबानी और करतूत पर पार्टी नेताओं को बर्खास्त कर रही है। सदस्यता छीन रही है, पर रसूख है कि मानता ही नहीं।

महिलाओं से जुड़े विवाद ज्यादा

जमीन कब्जे और दादागिरी ही नहीं, महिलाओं से जुड़े विवाद भी खूब आ रहे हैं। एक साल में दर्जनभर से अधिक ऐसे मामले सामने आए हैं, जब महिलाओं को झांसा देकर शोषण किया गया फिर सार्वजनिक तौर पर शर्मसार करने वाली हरकतें कीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने मामले जरूर दर्ज किए, पर आगे की जांच और कार्रवाई में उसके हाथ बंधे नजर आते हैं। गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई फाइल में ही दबकर रह जाती है।

रुद्राक्ष शुक्ला की मंदिर में गुंडई

भाजपा नेता ही नहीं, उनके समर्थक और बेटों ने भी पार्टी की खूब किरकिरी कराई है। इसी अप्रेल इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष का वीडिया सामने आया। इसमें उन्होंने देवास माता टेकरी पर आधी रात काफिला लेकर पहुंचे। माता के दर्शन के दौरान पुजारी से बदसलूकी की। केस दर्ज हुआ तो बाद में माफी मांगी।

ये भी कम नहीं

  • मई 2025 में मंदसौर जिले के भाजपा नेता व जिपं सदस्य पति मनोहरलाल धाकड़ का हाईवे पर महिला के साथ आपत्तिजनक हालत का वीडियो वायरल। मामला दर्ज।
  • मई 2025 में अशोकनगर के भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव के पड़ोसी ने उनके बेटे को भीड़ में साइकिल दौड़ाने से मना किया तो दर्जनभर लोगों के साथ यादव ने पड़ोसी के घर धावा बोला।
  • फरवरी 2025 में नरसिंहपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष पटेल का आदिवासी महिला से फूहड़ बातचीत का ऑडियो वायरल।
  • सिंगरौली में भाजपा पार्षद पति अर्जुन गुप्ता ने ऑफिस में पुलिस को एएसआइ को सबके सामने वर्दी उतरवाने की धमकी दी। एएसआइ ने खुद वर्दी फाड़ दी, वीडियो वायरल।
  • नर्मदापुरम के सिवनी मालवा के भाजपा नेता कमल रघुवंशी का शादी में महिला डांसर से अश्लीलता करने का वीडियो सामने आया।
  • सीधी में भाजपा नेता अजीतपाल सिंह चौहान ने एक महिला को टिकट दिलाने का झांसा देकर फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपए ऐंठे। मामला दर्ज, पार्टी से बर्खास्त।
  • सागर के युवा मोर्चा नेता अंकित सिंह पर दलित महिला के उत्पीड़न का आरोप।

इनके बयानों ने शर्मसार किया

  • मंत्री विजय शाह का कर्नल सोफिया पर बेशर्म बयानबाजी ने पूरे देश में सुर्खियों में रही, मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और फटकार लगी
  • डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने जबलपुर में सेना को लेकर विवादित बयान दिया, बोले- पूरा देश और सेना पीएम नरेंद्र मोदी के चरणों पर नतमस्तक है
  • फग्गन सिंह कुलस्ते, मारे गए आतंकवादियों को अपने आतंकवादी कहकर विवाद खड़ा किया
  • विधायक नरेंद्र प्रजापति बोले- संयुक्त राष्ट्रसंघ ने कराया था सीजफायर।
Updated on:
05 Jun 2025 08:31 am
Published on:
05 Jun 2025 08:31 am