छुई खदान में महिला की कट गई चोटी, अफवाहों से लोग दहशत में, कुछ लोग शरारती तत्वों पर व्यक्त कर रहे आशंका
जबलपुर। देश भर में 'चोटीकटवा' को लेकर चल रही अफवाहों के बीच शहर में सप्ताह भर के अंदर चोटी कटने का दूसरा मामला सामने आया। सोमवार की रात छूई खदान निवासी 60 वर्षीय महिला का किसी ने चोटी काट दिया। सुबह उसकी बेटी की नजर कटी चोटी पर पड़ी तो उसने शोर मचाकर घर के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। चोटी कटने की खबर फैलते ही महिला के घर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
स्थानीय पार्षद संजय साहू भी पहुंचे थे। कुछ इसे अफवाहों से जोड़कर चर्चा कर रहे थे तो कुछ इसे शरारती तत्वों का कारनामा बता रहे थे। वहीं अनजान चोटीकटवा की दहशत से महिलाओं में दहशत का माहौल है। लोगों में तरह तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं। पुलिस ने लोगों से किसी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। क्षेत्रीय लोगों ने हालांकि कुछ शरारती तत्वों पर आशंका जताई है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर सकती है।
छुई खदान निवासी गीता कोल (60) कुछ दिनों से बीमार चल रही हैं। रात 10:30 बजे बेटी मीना कोल ने दवा दी। जिसे खाने के बाद वो सो गईं। सुबह छह बजे मीना झाड़ू लगा रही थी तो देखी कि गीता के कटे बाल नीचे पड़े थे। गीता के मुताबिक रात में उसे महसूस हुआ था कि कोई उसके बाल खींच रहा है। चारपाई के पास ही उसकी बकरी बंधी थी, उसे लगा शायद बकरी बालों को खींच रही होगी। वह उसे हटाने के लिए नींद में ही बड़बड़ाई भी थी। फिर क्या हुआ उसे पता नहीं। गीता के पति श्याम कोल इसे किसी की शरारत मान रहे हैं। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।