जबलपुर

सर्द हवा कमजोर पड़ी, न्यूनतम पारा फिलहाल स्थिर

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला

less than 1 minute read
Dec 04, 2020
Weather news || कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
Weather news || कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान

जबलपुर . पश्चिमी विक्षोभ के असर के साथ सर्द हवा कमजोर पड़ गई है। पश्चिम की ओर से आ रही हवा मौसम में घुलने से ठंड कम हुई है। दो दिन से ऊपर आ रहा पारा शुक्रवार को भी धीरे-धीरे चढ़ता रहा। सुबह पारा करीब दो डिग्री तक उछला। शाम के तापमान में मामूली वृद्धि हुई। दोपहर में कड़ी धूप बनी हुई है। मौसम में आ रहे परिवर्तन के बीच ठंड भी कम हो गई है। शाम होते ही पारे में होने वाली तेज गिरावट फिलहाल स्थिर हो गई है। इससे रात से भोर के बीच सिहरन पैदा करने वाली सर्दी से कुछ राहत मिली है। शुक्रवार को दोपहर में सर्दी का असर कम होने के साथ ही शाम को भी ज्यादा ठंड नहीं रही। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस था। इसमें शुक्रवार को 0.4 से 1.8 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सी दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा बना रहा। आद्र्रता सुबह क समय 66 प्रतिशत और शाम को 51 प्रतिशत थीं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार चक्रवाती तूफान बुरेवी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन आ रहा है। हवा धीमी गति से चली रही है। उसका रुख भी उत्तरी ना होकर उत्तर-पश्चिमी हो गया है। शुक्रवार को भी हवा एक किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। इसके कारण तापमान में वृद्धि हुई। शनिवार को मौसम मुख्यत: शुष्क बना रहने की सम्भावना है। तापमान में मामूली वृद्धि अभी एक-दो दिन तक जारी रह सकती है।

Published on:
04 Dec 2020 07:05 pm