
Jabalpur Collector Helps Accident Victims: मध्यप्रदेश के जबलपुर में बुधवार को कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने मानवीयता दिखाते हुए सड़क हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना शहर के बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास की है, यहां सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सवार यात्री ऑटो रिक्शा में फंस गए और कुछ यात्री उसके नीचे दब गए। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बुधवार को कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा दोपहर के वक्त बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास गुजर रहे थे। इसी दौरान डीमार्ट के पास यात्रियों से भरा ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो पलटने से कुछ यात्री ऑटो में और कुछ ऑटो के नीचे दब गए। हादस के कारण लगी भीड़ को देखते ही कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने अपनी गाड़ी रुकवाई और मदद के लिए पहुंचे।
कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने तुरंत स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पलटे हुए ऑटो को सीधा कराया और उसके अंदर व नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में जिन यात्रियों को चोटें आई थीं उन्हें कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने तुरंत पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। इतना ही नहीं कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को मौके से फोन कर घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। ऑटो रिक्शा में तीन महिलाएं, एक बच्चा, एक पुरुष और चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। इनमें एक बच्चा और एक महिला सहित चार व्यक्तियों को घायल होने पर खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया। कलेक्टर के द्वारा घायलों की त्वरित मदद करने और उन्हें अस्पताल पहुंचाकर इलाज की व्यवस्था कराने के कदम की हर कोई सराहना पूरे जिले में हो रही है।