महाकोशल में इन नेताओं को दिया जाएगा टिकट, कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का ऐलान
जबलपुर। कांग्रेस में चुनावों को लेकर बहुत तेजी से तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं से लेकर संगठन के नेताओं तक जिम्मेदारी निभाने और चुनाव के लिए जमीन तैयार करने में जुट गए हैं। खासकर महाकोशल में इस बार के चुनाव बहुत बड़े फैक्टर के रूप में उभरेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष यहीं से हैं। इसी बात को लेकर दोनों पार्टियां महाकोशल में ज्यादा जोर लगा रहे हैं। जबलपुर महाकोशल का सबसे बड़ा चुनावी मैदान बनकर सामने आया है। यहां दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने अभी से डेरा डालना शुरू कर दिया है।
news fact-
कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बोले-
‘रिजर्व सीटों पर जीतने वाले चेहरों की तलाश’
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का जबलपुर दौरा हुआ तो दावेदारों ने एक बार फिर से जोरआजमाइश दिखाई। लेकिन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने एक बात में सभी दावेदारों की हवा निकाल दी। उन्होंने कहा कि पार्टी टिकट तो उनको ही देगी जो जीतने का माद्दा रखते हैं। जिन्हें लोग जानते तक नहीं, लेकिन वे किसी नेता के खास हैं तब भी टिकट नहीं दी जाएगी। इसके बाद मौजूद लोगों में सन्नाटा पसर गया। आधे से ज्यादा दावेदारों की हवा निकल गई।
प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व 35 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस जीतने वाले चेहरों की तलाश में जुट गई है। इन विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के नेताओं से चर्चा के साथ ही जीत के समीकरणों का भी आंकलन किया जा रहा है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने एक चर्चा में कही।
खाबरी ने मंगलवार को जबलपुर और बुधवार को गोटेगांव में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। खाबरी ने कहा कि जिन सीटों का आकलन करने के लिए उन्हें भेजा गया है, वहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कमजोर और मजबूत दोनों तरह के लोगों से बातचीत कर रहे हैं। सामान्य वर्ग की सीटों पर भी चर्चा हो रही है। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा, हमारे लिए सभी गुट समान हैं। गुटबाजी सामने आने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया, जबलपुर की पूर्व विधानसभा और गोटेगांव सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई है।