
जबलपुर. भानतलैया में जुआघर चलाने का आरोपी कांग्रेस नेता गज्जू उर्फ गजेंद्र सोनकर केंट क्षेत्र के मोदीबाड़ा में रहने वाले एक युवक के लाइसेंसी हथियार अपने पास रखता था। यह खुलासा जुआफड़ पर छापे के दौरान मिले हथियारों के जखीरे की जांच कर रही पुलिस की छानबीन में हुआ है। छापे के समय गिरफ्तार गज्जू के पास मिली 12 बोर की बंदूक और राइफल भी मोदीबाड़ा निवासी युवक की थी। जुआघर से बरामद हथियारों की जांच करने पर 12 बोर बंदूक और राइफल लाइसेंसी मिली थी। रिमांड अवधि में पूछताछ में गज्जू ने दोनों हथियार केंट निवासी 37 वर्षीय प्रशांत पटियाल के नाम पर दर्ज होना बताया था। बयान की तस्दीक के बाद प्रशांत पटियाल को गिरफ्तार किया गया। मूल प्रकरण में धारा 30 आम्र्स एक्ट बढ़ाते हुए प्रशांत पटियाल को सह आरोपी बनाया गया।
क्रेशर की करता था देखभाल, वेतन 15 हजार प्रतिमाह
पुलिस को पता चला कि अपना लाइसेंसी हथियार देने वाला आरोपी प्रशांत,गज्जू के गिट्टी क्रेशर की देखरेख करता है। गज्जू ने ही उसके नाम पर हथियारों के लाइसेंस बनवाए थे। प्रशांत को वह प्रतिमाह 15 हजार रुपए वेतन देता था। प्रशांत को जानबूझकर अपने हथियार किसी और को देते हुए लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन करना पाया गया।
कांग्रेस नेता के पिता सहित तीन आरोपी अभी फरार
वर्षों से जुआरियों के लिए सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कांग्रेस नेता गज्जू के जुआघर पर सात नवम्बर की रात पुलिस ने छापा मारा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजकुमार उर्फ बाबूनाटी सोनकर, गज्जू उर्फ गजेंद्र सोनकर एवं सोनू उर्फ महेंद्र सोनकर के संरक्षण में उनके घर में जुआफड़ बैठा है। मौके से गज्जू, सोनू सोनकर और 39 जुआरी गिरफ्तार किए गए थे। करीब साढ़े सात लाख रुपए नकदी बरामद हुई थी। वन्य प्राणी के सींग, खडग़-फरसा जैसे धारदार हथियार सहित भारी मात्रा में असलहे मिले थे। गज्जू और उसके दो भाई गिरफ्तार हो चुके हैं। मामले में आरोपी गज्जू के पिता बाबूनाटी सोनकर, दत्तक पुत्र बबुआ और जुआरियों को लेकर आने वाला एवं प्रतिबंधित हथियारों की तस्करी में शामिल भाईलाल पटेल फरार है।