कांग्रेसियों ने मुंडन कराकर जताया शहर कांग्रेस अध्यक्ष का विरोध, बोले हमें मंजूर नहीं
Congress politics : शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा का विरोध उबाल पर है। उनके दोबारा शहर अध्यक्ष बनने के बाद से ही पार्टी का एक खेमा विरोध में भड़का हुआ है। उसका कहना है कि दोबारा जिम्मेदारी देने के पहले रायशुमारी करने का दावा पार्टी संगठन ने किया था। लेकिन, किससे राय ली गई? इसका किसी को पता ही नहीं चला। सिर्फ जानकारी दे दी गई कि दोबारा सौरभ को जिम्मा दे दिया गया है। विरोध की बात इसलिए भी चर्चा में है कि इस खेमे की ओर से मोर्चा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजय कांडा ने सम्भाल रखा है। विरोध कर रहे पार्टी नेताओं ने गुरुवार को नर्मदा तट गौरीघाट में मुंडन कराया।
कांडा ने कहा कि जल्द ही वे मामले को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी से भी मुलाकात करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उनका स्मरण करते हुए नेताओं ने कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सौरभ शर्मा विरोध किया। कहा गया कि शर्मा एक जमाने में कांग्रेस के धुर विरोधी थे। कांडा ने कहा कि शर्मा ने एक समय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पुतला भी जलाया था। इसके बावजूद उन्हीं के हाथ में पार्टी की बागडोर सौंप दी गई। कार्यकाल पूरा होने पर दोबारा भी नियुक्त कर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान विजय कांडा, राजेंद्र चौधरी, रूपलाल यादव, उमेद सिंह ठाकुर, दयावंत राव, कृष्ण कुमार चौधरी, सरोज कांडा, विवेक चौधरी, दीपक सिंह राजपूत, रूपेंद्र चौधरी, सोनू कांडा, रीटा बाम्बा, बंदी सेठी, विकास कनौजिया, बब्बल सबलोक, सागर चौधरी सहित अन्य मौजूद थे।