जबलपुर

बरगी बांध त्रासदी में बड़ी खबर, जबलपुर में पकड़ाया क्रूज हादसे का जिम्मेदार, मांगी माफी

Jabalpur Cruise Accident - एमपी टूरिज्म के अधिकारियों के समक्ष क्रूज पायलट महेश पटेल ने हादसे के लिए अपनी जिम्मेदारी स्वीकारते हुए माफी मांगी, हादसे में लापता 4 लोगों को अभी तक कोई सुराग नहीं
2 min read
May 02, 2026
Culprit responsible for cruise accident apprehended in Jabalpur
Culprit responsible for cruise accident apprehended in Jabalpur

Jabalpur Cruise Accident - बरगी बांध त्रासदी में शनिवार को बड़ी खबर सामने आई है। हादसे का जिम्मेदार क्रूज का पायलट महेश पटेल जबलपुर में पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि उसने सरेंडर किया है। क्रूज पायलट महेश पटेल से एमपी टूरिज्म के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। राज्य सरकार उसे पहले ही नौकरी से बर्खास्त कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार एमपी टूरिज्म के अधिकारियों के समक्ष क्रूज पायलट महेश पटेल ने हादसे के लिए अपनी जिम्मेदारी स्वीकारते हुए माफी मांगी है। इस बीच हादसे में लापता 4 लोगों को अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। शनिवार सुबह से ही सर्चिंग शुरु की जा चुकी है।

3 की सेवाएं खत्म, एक निलंबित, एक अटैच- क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त

बता दें कि राज्य सरकार ने शुक्रवार को ही क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी थी। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय जांच कर तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

शुक्रवार को बरगी पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा था कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।

डॉ. मोहन यादव खमरिया स्थित कामराज के निवास पहुंचे, शोक संवेदना व्यक्त की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खमरिया स्थित कामराज के निवास पहुंचे। शोक संवेदना व्यक्त की। हादसे में कामराज की पत्नी का निधन हो गया। कामराज खुद और 5 वर्षीय बेटा तमिल लापता है। 10 वर्षीय बेटे पुविथारन को बचा लिया गया।

राहत कार्य करने वालों को 51- 51 हजार रुपए की राशि बतौर सम्मान

सीएम ने कहा कि उच्च स्तरीय जांच कमेटी तीन दिन में रिपोर्ट देगी। नौकायन, वाटर स्पोट्र्स के लिए एसओपी बनाई जाएगी। राहत कार्य करने वालों को 51- 51 हजार रुपए की राशि बतौर सम्मान दी जाएगी।

तवा में संचालन बंद:

इस हादसे के बाद नर्मदापुरम जिले के तवा बांध में क्रूज और हाउस बोट का संचालन बंद कर दिया गया है। स्पीड बोट, जलपरी का तकनीकी परीक्षण कर उपयोग किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो- दो लाख, घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता

बरगी हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो- दो लाख, घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

Published on:
02 May 2026 12:34 pm