कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बावरिया ने दिया संकेत
जबलपुर। 60 की उम्र पार कर चुके कांग्रेसियों के विधानसभा चुनाव में टिकट कट सकते हैं। यह संकेत कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने दिए हैं। उनका कहना है कि वरिष्ठ कार्यकर्ता पार्टी संगठन को मजबूती देने का काम करें। इस बार टिकट वितरण में युवाओं और नए चेहरों की तलाश की जाएगी।
जबलपुर में पार्टी की मौजूदा स्थिति का आंकलन करने पहुंचे दीपक बावरिया ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मप्र में बीजेपी सरकार संवेदनहीन हो गई है। उन्हें किसानों, बेरोजगार युवाओं की चिंता नहीं है। कोलारस और मुंगावली उपचुनाव को लेकर बावरिया ने कहा कि भाजपा हर तरह का हथकंडा अपना रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि पार्टी संगठन ने सभी जनप्रतिनिधियों, संगठन से जुड़े लोगों को अनुशासन में रहने की हिदायत दी है।
गुटबाजी आई सामने
सर्किट हाउस में कांग्रेस पदाधिकारियों के बीच फिर टकराव हुआ। पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कांग्रेस नगर अध्यक्ष महेश पटेल व पार्षद केवल कृष्ण आहूजा महासचिव से मिलने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने रोका, तो वे भड़क गए। कहासुनी होने लगी। दोनों को कांग्रेस महासचिव और नगर अध्यक्ष ने फटकार लगाई। इसके बाद महेश ने पार्टी संगठन पर कई आरोप लगाए और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से शिकायत करने की बात कही।
व्यक्ति नहीं पार्टी के लिए करें काम
कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस चुनाव में व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पार्टी के लिए काम करे। संगठन को मजबूत बनाने जुट जाएं। शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया व जिला प्रभारी रवीन्द्र सेठी ने ग्रामीण क्षेत्र की चारों विधानसभाओं की बैठक के दौरान ये संदेश दिया। पार्टी महासचिव बावरिया ने चारों विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों से सुहागी में हुई बैठक में वन टू वन चर्चा की। उनके सुझाव भी सुने।
शहरी क्षेत्र की चारों विधानसभाओं की बैठक आज
शहरी क्षेत्र की चारों विधानसभाओं की बैठक महासचिव बवरिया शनिवार को शहीद स्मारक गोलबाजार में लेंगे। सुबह 11 बजे से आयोजित बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। शाम 5 बजे बल्देवबाग से प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव की मौजूदगी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने पार्टी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं व कांग्रेस के अनुषांगिक संगठनों से जुड़े लोगों से शामिल होने कहा है।