जबलपुर

पीडब्लूडी में चपरासी से बने बाबू की 6 करोड़ की संपत्ति उजागर, फार्म हाउस सहित 3 ठिकानों पर ईओडब्लू की रेड

EOW Raid On PWD Clerk In Jabalpur: घर समेत अन्य अनेक स्थानों पर भी चल रही है कार्रवाई, रात करीब 3:00 दी दबिश
2 min read
Aug 08, 2026
eow raid on pwd clerk in jabalpur
eow raid on pwd clerk in jabalpur- image patrika

Jabalpur: लोकायुक्त पुलिस की टीम ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में पीडब्लूडी के एक बाबू के ठिकानों पर रेड की। उसके पास अकूत दौलत मिलने की सूचना है। वह चपरासी से बाबू बना था। उसके फार्म हाउस सहित 3 ठिकानों पर ईओडब्लू ने छापा मारा है। अब तक की जांच में करीब 6 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है।

जबलपुर में पीडब्ल्यूडी के बाबू सुभाष शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त की छापामार कार्रवाई देर रात शुरु हुई। लोकायुक्त ने देर रात 3 बजे उसके ठिकानों पर दबिश दी। शांति नगर स्थित निवास पर लोकायुक्त की कार्रवाई सुबह से चल रही है। घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है।

सुभाष शर्मा, सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ है। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार सभी ठिकानों पर संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है। संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

जबलपुर लोकायुक्त की आधिकारिक जानकारी के अनुसार आरोपी सुभाष शर्मा पिता रवि शर्मा, सहायक ग्रेड-2 के पद पर क्षे़त्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केन्द्र कार्यालय सिवनी में पदस्थ है। वह जबलपुर के राजीव गांधी वार्ड के अम्बेडकर काॅलोनी में 13/2झ गली नं.02 में रहता है।

लोकायुक्त संगठन को सुभाष शर्मा के द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। निरीक्षक जितेन्द्र यादव के द्वारा इसकी सत्यापन कार्यवाही की गई। सत्यापन में सूचना प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरोपी सुभाष शर्मा के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988(संशोधित 2018) धारा 13(1)बी, 13(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया और विवेचना शुरु की।

कई कृषि भूमि, शहरी क्षेत्रों में प्लाट तथा फार्म हाउस, मकान आदि की जानकारी मिली

शनिवार 8 अगस्त को सुबह आरोपी के निवास स्थान तथा फार्म हाऊस पर छापा कार्यवाही शुरु की गई। कार्यवाही के दौरान प्रारंभिक तौर पर आरोपी सुभाष शर्मा तथा उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम से ग्रामीण क्षेत्र में कई कृषि भूमि, शहरी क्षेत्रों में प्लाट तथा फार्म हाउस, मकान आदि की जानकारी मिली है।

  1. मौजा लोहारी तहसील पाटन जिला जबलपुर में पत्नी शीला शर्मा के नाम से कई जमीनें खरीदीं जिसकी अनुमानित कीमत 11102156 रुपए है।
  2. मौजा मुरगवां तहसील पाटन जिला जबलपुर में शीला शर्मा के नाम भूमि क्रय किया जाना पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2591658 रुपए है।
  3. मौजा गोहलपुर तहसील आधाताल जिला जबलपुर में शीला शर्मा के नाम से कई प्लाट क्रय किए। इनकी अनुमानित कीमत 4748996 रुपए है।
  4. मौजा करमेता तहसील आधारताल जिला जबलपुर में शीला शर्मा के नाम से 4581 वर्गफुट भूमि क्रय की है जिसकी अनुमानित कीमत 28845288 रुपए है।
  5. सुभाष शर्मा के द्वारा अपनी पत्नी शीला शर्मा के नाम से अम्बेडकर काॅलोनी जबलपुर में दो मंजिला पक्का आलीशान मकान बनवाया है जोकि 2800 वर्गफुट पर बना है। इसमें भू-तल में 2800 वर्गफुट एवं प्रथम-तल में 2000 वर्गफुट निर्माण है। कुल निर्माण 4800 वर्गफुट में पक्का मकान निर्मित है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6500000 रुपए है।
  6. शीला शर्मा के नाम से एक अन्य दो मंजिला पक्का मकान पारस कालाॅनी जबलपुर में है जो 1500 वर्गफुट में निर्मित है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1000000 रूपए है।
  7. शीला शर्मा के नाम से फार्म हाऊस ग्राम लोहारी तहसील पाटन जिला जबलपुर में स्थित हैं जिसका भू-तल का पक्का निर्माण किया गया है। यह करीब 3000 वर्गफुट में निर्मित है जिसकी अनुमानित लागत 5200000 रुपए है।

कुल अर्जित आय का 543.19 प्रतिशत अनुपातहीन

आरोपी सुभाष शर्मा की कुल आय से व्यय अधिक किया जाना पाया गया है। जांच के दौरान कुल अर्जित आय का 543.19 प्रतिशत अनुपातहीन बताई जा रही है। छापामार कार्यवाही अभी जारी है।

Updated on:
08 Aug 2026 12:16 pm
Published on:
08 Aug 2026 11:39 am