
जबलपुर। रहवासी क्षेत्रों में दुकानें और गोदाम कितने घातक हैं इसका अंदाजा सभी को है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। यहीं वजह है कि इनसे होने वाले हादसों का खामियाजा आम आदमी को उठाना पड़ता है। एक ऐसा ही मामला गुरुवार देर रात सामने आया। जब एक रहवासी क्षेत्र में बने टेंट हाउस के गोदाम में आग लग गई। और देखते ही देखते धमाकों से पूरा क्षेत्र दहल उठा। यहां रखे करीब तीन दर्जन गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे। जिनकी आवाज आठ से दस किलोमीटर दूर तक सुनाई दे रही थी। शहर में लोगों के बीच कई प्रकार की चर्चाएं भी होने लगीं। लोगों को लगा कि कहीं खमरिया फैक्ट्री में दोबारा बम तो नहीं फूटने लगे। सुबह जब अखबार हाथ में आए तब सबको असलियत का पता चला।
ऐसे फैली धमाकों की दहशत
- रात २.४० बजे धमाकों से दहला शहर
- कैटर्स के गोदाम में अचानक लगी आग
- रिहायशी इलाके में था टेंट हाउस का गोदाम
- एक के बाद एक हुए तीन दर्जन से ज्यादा धमाके
- गोदाम में रखे गैस सिलेंडर फटे
- ८ से १० किलोमीटर तक सुनाई दिए धमाके
- पेट्रोल पंप के ठीक पीछे था गोदाम
- दहशत से लोग घरों से बाहर निकले
- घटना से सड़कों पर अफरा-तफरी
- फायर बिग्रेड की ८ गाडिय़ां मौके पर
यह है मामला
शारदा चौक के पास स्थित पवन कैटरर्स में गुरुवार देर रात २.४० बजे अचानक आग लग गई। आग ने तब विकराल रूप ले लिया जब गोदाम में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे। इससे तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। धमाकों की आवाज तकरीबन ८ से १० किलोमीटर दूर तक सुनी गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में बिजली की सप्लाई काट दी गई।
अलसुबह तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। पुलिस के अनुसार शारदा चौक में पवन कैटरर्स है यहां कई सारे सिलेंडर, लकडिय़ां व अन्य सामान रखा था रात लगभग 2.३0 बजे अचानक आग भड़क उठी इसके साथ ही तेज धमाके होने लगे एकाएक हुए धमाकों से लोग दहशत में आ गए।
8 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही नगर निगम से फायर ब्रिगेड की 8 गाडिय़ां मौके पर पहुंची सभी फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन वह नाकाम रही जिसके बाद अन्य गाडिय़ों को भी मौके पर बुलाया गया
तीन दर्जन से अधिक धमाके हुए
लोगों के अनुसार आग लगने के बाद लगभग 3 दर्जन से अधिक धमाके हुए हैं ऐसा माना जा रहा है कि यह धमाके उन सलेंडरो के हैं जो पवन कैटरर्स के संचालक द्वारा उस परिसर में रखे गए थे जहां आग लगी।
घटनास्थल के मुआयने के अनुसार पवन केटरर्स के गोदाम में आग लगी है। आग कैसे लगी कारण अज्ञात है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
- अंजुलता पटले, सीएसपी गोरखपुर