
Jabalpur Crocodile Rescue: मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में एक खेत के बने तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। जिस तालाब में मगरमच्छ दिखाई दिया वो तालाब में मछलियां पाली जा रही थीं। अचानक पानी में चार फीट लंबा मगरमच्छ नजर आने के बाद खेत मालिक और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी सुरक्षा व मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे नदी में ले जाकर छोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना जबलपुर के घाना के पास की है। यहां लखपत यादव के खेत में एक तालाब बना हुआ है, जिसमें मछलियों का पालन किया जा रहा है। इसी तालाब में अचानक चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। तालाब में मगरमच्छ को देखते ही खेत मालिक के पसीने छूट गए, इलाके में भी खेत के तालाब में मगरमच्छ होने की खबर फैलते ही आसपास के लोग उसे देखने के लिए पहुंचने लगे। हालांकि, मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल बन गया।
आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ पास से बहने वाली बजरंग नदी से निकलकर खेत के तालाब में पहुंचा होगा। नदी से तालाब तक मगरमच्छ के आने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में मगरमच्छ के रेस्क्यू की तैयारी शुरू की। रेस्क्यू अभियान में विवेक गुप्ता, शंकरेंदु मुखर्जी और बीट गार्ड अदब कोरी शामिल रहे। टीम ने सावधानी बरतते हुए मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा और सुरक्षित अपने साथ ले गई। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित परियट नदी में छोड़ दिया है। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।