
jabalpur news: एमपी के जबलपुर शहर में बरगी हिल्स आइटी पार्क में देशी-विदेशी कंपनियों का निवेश लगातार बढ़ रहा है। टेक्नोपार्क ब्लॉक-बी में सात कंपनियां निवेश कर रही हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी की कंपनियां भी शामिल है। ये कंपनियां अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित परियोजनाओं पर काम करेंगी। एक कंपनी वेब सीरीज से जुड़े कार्य भी करेगी। इन कंपनियों के माध्यम से करीब 20 से 25 करोड़ रुपए का निवेश होगा और लगभग 800 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
टेक्नोपार्क की ब्लॉक-ए बिल्डिंग में पिछले लगभग एक दशक से आइटी कंपनियां संचालित हो रही है, जहां 800 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। बेहतर औद्योगिक माहौल को देखते हुए मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने ब्लॉक-बी का निर्माण कराया है। करीब 1.20 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल वाली यह इमारत अंतिम चरण में है और अब तक इसका लगभग 70 प्रतिशत स्थान कंपनियों को आवंटित किया जा चुका है।
टेक्नो पार्क ब्लॉक-B में आठ कंपनियों ने निवेश किया है। इनमें तीन ने काम भी शुरू कर दिया है। एक ऑस्ट्रेलिया की कंपनी है। इसके अलावा जर्मनी और अमेरिका आधारित कंपनियां भी आईटी से जुड़े प्रोजेक्ट संचालित कर रही हैं। मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में भी निवेशकों ने काम तेज किया है और 10 कंपनियों का निर्माण कार्य जारी है।- निशांत मिश्रा, मैनेजर, बरगी हिल्स आईटी पार्क
आईटी पार्क के मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में भी गतिविधियां तेज हुई है। मध्यप्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की सख्ती के बाद जिन निवेशकों ने लंबे समय तक परियोजनाएं शुरू नहीं की थीं, उन्होंने अब शेड निर्माण और उत्पादन का कार्य प्रारंभ कर दिया है। वर्तमान में यहां 60 कंपनियां उत्पादन कर रही है, जबकि 10 कंपनियों के शेड निर्माण का कार्य जारी है।
ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी ने भारत में अपना पहला कार्यालय जबलपुर में स्थापित किया है। यह कंपनी आरएंडडी के क्षेत्र में कार्य करती है और बड़े तथा छोटे उद्योगों में उपयोग होने वाले एग्जॉस्ट फैन की डिजाइन विकसित करती है। बताया जाता है कि कंपनी के निदेशक का जबलपुर से जुड़ाव होने के कारण यहां निवेश किया गया है। इसी प्रकार जर्मनी की एक कंपनी एआई आधारित प्रोजेक्ट पर काम करेगी। इसके अलावा पहले से अमेरिका की कंपनियों की फ्रेंचाइजी भी यहां संचालित हैं, जो कॉल सेंटर, माइनिंग और अन्य आइटी सेवाओं से जुड़े कार्य कर रही हैं।