भाजपा के पूर्व महापौर का ट्रैफिक जवान से विवाद, सिर पर मारा वायरलेस सेट, लगी चोट
Former BJP Mayor : भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष व पूर्व महापौर प्रभात साहू का ट्रैफिक पुलिस जवान से हुए विवाद में हंगामा हो गया। नाराज भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे बल्देवबाग चौराहे पर भारी भीड़ जुट गई और एक घंटे तक रास्ता जाम रहा। इस दौरान साहू के सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि धक्कामुक्की के दौरान ट्रैफिक जवान का वायरलेस सेट उन्हें लगा था। हंगामे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। घटना रात आठ बजे की बल्देव बाग चौराहे के पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूर्व महापौर साहू स्कूटर से जा रहे थे। वे इस दौरान मोबाइल की कॉल रिसीव कर बात कर रहे थे। उन्हें देखकर चौराहे पर तैनात ट्रैफिक जवान आगे बढ़ा और उन्हें रोकने की कोशिश की। वाहन चलाते हुए मोबाइल पर बात करने को लेकर हुज्जत बढ़ी तो ट्रैफिक जवान ने किनारे वाहन खड़ा करने के लिए कहने लगा। इससे नाराज साहू ने परिचय दिया जिसे अनसुना करते हुए ट्रैफिक जवान ने वाहन खड़ा रखने की बात पर अड़ गया। इससे विवाद की स्थिति बन गई और हालात धक्कामुक्की तक पहुंच गए। झूमाझटकी होने से वायरलेस सेट साहू के सिर पर लगा और वे चोटिल हो गए।
विवाद की सूचना पाकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व साहू के समर्थक बल्देवबाग चौक पहुंच गए तो बवाल बढ़ गया। इससे चौराहे पर जाम लग गया। नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। शहर के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की, पर हंगामा बढ़ता गया। इससे एक घंटे से अधिक समय तक रास्ता जाम रहा और सैकड़ों लोग फंसे रहे।
पूर्व महापौर को चोट लगने की जानकारी पाकर सांसद आशीष दुबे, विधायक अभिलाष पाण्डेय, पूर्व मंत्री शरद जैन सहित भाजपा के पदाधिकारी भी बल्देवबाग पहुंचे। अधिकारियों से बात की और कार्रवाई के लिए कहा। एसपी सपत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति समझी और कार्रवाई का आश्वासन देकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पुलिस जवान ने साहू को कुछ कह दिया, यह बात उन्हें अच्छी नहीं लगी और जवान को धक्का दे दिया। इससे वह जवान तमतमा गया। जिसके बाद दोनों में बीच सडक़ जमकर झूमाझटकी और मारपीट हो गई।मौके पर मौजूद अन्य अफसर और जवानों ने दोनों को हटाया। ट्रैफिक पुलिस के अफसरों ने तत्काल जवान को वहां से हटाकर दूसरी जगह भेज दिया।
इस घटना से प्रभात साहू खासे गुस्से में नाराज आए। सिर में लगी चोट को दिखाते हुए अधिकारियों से सवाल किया कि क्या इस तरह से जांच करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा शहर जानता है कि चेकिंग के नाम पर क्या चल रहा है। अभद्रता और अपमानित करने की छूट किसने दे रखी है।
Former BJP Mayor : पूर्व महापौर साहू व ट्रैफिक पुलिस के जवान में विवाद हो गया था। विरोध प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों से बातचीत की गई है। मामले में जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।