जबलपुर

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में फटा ‘हैंड ग्रेनेड’, खून से लथपथ कर्मचारी अस्पताल में भर्ती

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में खमरिया ऑर्डनेंस फैक्ट्री (OFK) में एक गंभीर हादसा हुआ है...
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2025, 11:59 AM IST
फोटो सोर्स: पत्रिका
फोटो सोर्स: पत्रिका

MP News:एमपी के जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (ओएफके) में सुबह 9 बजे मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड में हुए विस्फोट में एक कर्मचारी घायल हो गया। उसके एक हाथ की उंगलियों में गहरे जख्म हो गए। खून से लथपथ कर्मचारी को प्राथमिक इलाज के बाद निजी अस्पताल भेजा गया है। फैक्ट्री प्रबंधन ने दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी है। 31 अक्टूबर को भी एमुनेशन में लगने वाली सीडीबी रिंग की साईजिंग करते समय एक कर्मचारी घायल हो गया था।

उंगलियों में गंभीर चोट

आयुध निर्माणी खमरिया के एफ-9 अनुभाग की बिल्डिंग संख्या 130 में मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड के फ्यूज बॉडी पर फर्स्ट वार्निशिंग करने के दौरान विस्फोट हो गया। इसके बाद पूरे अनुभाग में दहशत फैल गई। इस घटना में डेंजर बिल्डिंग वर्कर प्रथमेश एम ठाकुर घायल हो गए। उनके बाएं हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट आई। खमरिया हॉस्पिटल में आकस्मिक उपचार के बाद आगे की जांच के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। सूत्रों ने बताया कि हादसे के वक्त बड़ी संख्या में कर्मचारी काम कर रहे थे। सैकड़ों की तादाद में हैंड ग्रेनेड रखे हुए थे।

हो सकता था भयाभह हादसा

माना जा रहा है कि फर्स्ट वार्निशिंग के समय ग्रेनेड की 4 सेकंड डिले प्रणाली के लिए लगे डेटोनेटर में विस्फोट हुआ। इससे धमाका हुआ। जानकारों का कहना है कि इस डेटोनेटर में 36 एम डेटोनेटर लगा रहता है। वह खतरनाक होता है। क्योंकि उसमें कुछ मात्रा में गंभीर प्रकृति वाला बारूद होता है। उसकी सहायता से ही ग्रेनेड को सक्रिय किया जाता है।

बताया गया है कि हैंड ग्रेनेड की बॉडी में टीएनटी नहीं था। सूत्रों का कहना है कि यदि ऐसा होता तो हादसा भयाभह हो सकता था। इस बीच घटना के तुरंत बाद ही साथी कर्मचारियों ने इसकी खबर प्रबंधन को दी। मौके पर एंबूलेंस को बुलाकर फैक्ट्री अस्पताल भेजा गया। फिर चिकित्सकों ने आगे के इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल भेजा।

मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड के फ्यूज बॉडी पर फर्स्ट वार्निशिंग करने के दौरान हुए हादसे में निर्माणी कर्मचारी के बाएं बांये हाथ की उंगली में चोट आई हैं। दुर्घटना के कारण पता करने के लिए बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है। - अविनाश शंकर, जनसंपर्क अधिकारी, ओएफके

Updated on:
5 Nov 2025, 11:59 AM IST
Published on: