LPG Shortage- अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है। होटल कारोबार पर संकट मंडरा रहा है। वहीं, घिरेलू सिलेंडर के लिए भी जनता में हाहाकार मचा हुआ है।
MP News: होटल और रेस्टोरेंट में कमर्शियल सिलेंडर (19 किग्रा) की आपूर्ति बंद (LPG Shortage) होने से संचालक मुसीबत में आ गए हैं। उन्होंने शादी-विवाह के आयोजनों से लेकर पार्टियों की बुकिंग कर रखी है। अब उसे टालने की नौबत आ गई है। आयोजक भी उनसे सम्पर्क कर रहे है। सिलेंडर की किल्लत का असर जिले के 400 से अधिक छोटे और बड़े होटल्स के साथ रेस्टोरेंट पर पड़ेगा।
जबलपुर जिले में 40 गैस एजेंसी है। इनके पास नौ हजार ग्राहक ऐसे हैं, जो कमर्शियल सिलेंडर के जरिए रसोई चलाते हैं। तेल कंपनियों ने गैस एजेंसियों के लिए इसकी रिफिल बंद कर दी है। तेल कंपनियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू रहे, इसलिए यह व्यवस्था की गई है। अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर अन्य किसी भी व्यावसायिक इकाई जैसे होटल, मॉल या औद्योगिक क्षेत्रों को कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल रोक दी गई है।
शहर में ऐसे कई होटल हैं, जहां प्रतिदिन आठ से 10 कमर्शियल यानि नीले सिलेंडर की खपत है। अब भट्टियों की अनुमति नहीं मिलती। केरोसिन की सप्लाई भी नहीं होती। ऐसे में उनके सामने सिर्फ बिजली से संचालित उपकरण ही एकमात्र विकल्प है। लेकिन, हर होटल या रेस्टोरेंट के पास इसके इंतजाम नहीं है। कैटरर भी मुसीबत में आ गए हैं। कमर्शियल के साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर की हालात भी ठीक नहीं है।
इसका पर्याप्त स्टॉक है। लेकिन, वितरण व्यवस्था में खामियां नज़र आने लगी है। ग्राहक अब 25 दिन के बाद ही नई बुकिंग कर सकता है। यह व्यवस्था रिफिल की कमी नहीं होने के लिए की गई है। लेकिन, ग्राहक जैसे ही मोबाइल से बुकिंग कर रहा है, उस सम्बंध में आने वाला मैसेज जल्दी नहीं आ रहा। एजेंसियों में इसके लिए भीड़ लगी रही। इसी मैसेज में ओटीपी रहता है। उसके बिना सिलेंडर की डिलेवरी नहीं होगी। कंपनियों का सर्वर भी डाउन है।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को खाद्य विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। एलपीजी की आपूर्ति घरेलू उपयोग के लिए ही सुरक्षित रखी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बीत जाने के बाद स्वीकार की जाएगी। अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर अन्य किसी भी व्यावसायिक इकाई जैसे होटल, मॉल या औद्योगिक क्षेत्रों को कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल नहीं की जाएगी। लेकिन, हकीकत में घरेलू सिलेंडर की भी किल्लत हो गई। कई एजेंसी वालों का कहना है कि उनके यहां कंपनी से ही सिलेंडर नहीं आ रहे हैं। इसलिए ग्राहकों के यहां डिलेवरी नहीं की जा रही।
होटल और रेस्टोरेंट में एलपीजी का उपयोग होता है। इसके बंद होने में बड़ा नुकसान होगा। बुकिंग कैंसिल करनी पड़ सकती हैं। ग्राहक फोन कर रहे हैं। सरकार को एकदम से सप्लाई बंद नहीं करनी चाहिए। इसकी राशनिंग की जाए।- राजेश जैन, पिंकी, संचालक, होटल वेलकम, आइटीसी
कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है। ग्राहकों को शासन के नियमों से अवगत करा दिया गया है। यह व्यापार का बड़ा हिस्सा था। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग और सप्लाई बेहतर तरीके से की जा रही है।- नितिन मलिक, संचालक, मलिक गैस एजेंसी (MP News)