कांचघर दशहरा चल समारोह के दौरान शुक्रवार रात बाई का बगीचा में उस वक्त भगदड़ मच गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व क्षेत्र के भाजपा विधायक अंचल सोनकर और कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया। इससे भीड़ बेकाबू हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पथराव कर रहे कांग्रेसियों का पीछा किया, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फायरिंग भी की। इससे दहशत फैल गई। बाद में भीड़ ने भी पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां चलानी पड़ीं। इसके बाद हालात कुछ काबू में तो आए लेकर क्षेत्र में देर रात तक दशहत बनी रही। आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि भाजपा विधायक अंचल सोनकर दशहरा चल समारोह में शामिल होने गए थे। इसी समारोह में शिरकत करने के लिए कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक लखन घनघोरिया भी आए थे। दोनों नेता एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाते हैं। घटना के वक्त दोनों के साथ भारी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता भी थे। देर रात दोनों के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। कई वाहनों के कांच चकनाचूर हो गए। भगदड़ के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। विधायक अंचल का कहना है कि पूर्वाग्रह के चलते लखन व उनके समर्थकों ने पथराव व फायरिंग की। इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर अंचल अपने समर्थकों के साथ रात 11.30 बजे घमापुर थाने पहुंच गए। वहीं घनघोरिया का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले पथराव किया। उन्होंने भी थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।