
Jabalpur News :मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित रिछाई औद्योगिक क्षेत्र की पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार को लगी भीषण आग से लगभग 1 हजार टन बिस्किट और 4 करोड़ से ज्यादा की मशीन जल गईं। घटना से 20 करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका जताई गई है। 40 से ज्यादा फायर फाइटर वाहन देर रात तक आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन बिस्किट निर्माण में उपयोग होने वाली ज्वलनशील सामग्री का बड़ा स्टॉक होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने में टैंकरों से 120 ट्रिप के लगभग पानी लग चुका था।
फैक्ट्री में लगी आग का धुआं कुछ ही देर में आसमान में छा गया, आग इतनी भीषण थी कि, लगभग 4 किलोमीटर दूर से उसका धुआं आसमान में नजर आ रहा था। दोपहर 2 बजे मिली सूचना पर नगर निगम का दमकल अमला मौके पर पहुंचा। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों और नगर परिषदों से भी दमकल वाहन बुलाए गए।
नगर निगम के फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि, आग का दायरा अधिक होने के कारण अतिरिक्त संसाधन जुटाने पड़े। प्रशासन ने जीसीएफ, वीकल और खमरिया फैक्ट्री के साथ कैंटोनमेंट बोर्ड, शहपुरा, पाटन और भेड़ाघाट नगर परिषदों से दमकल वाहन बुलाए। शाम 4.30 बजे तक बिस्किट निर्माण और मशीनरी सेक्शन में लगी आग बुझा ली गई थी। लेकिन, लगातार पानी की बौछार और अग्नि शामक यंत्रों के उपयोग के बावजूद बाकी हिस्से में आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। हालात ये रहे कि, रात 9 बजे तक पूरी तरह से आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। फिलहाल, दमकल की टीमें पूरी तरह आग पर काबू पाने के अब भी प्रयास कर रही हैं।