
जबलपुर। बुधवार देर रात को शहर में बादल झमाझम बरसे, जिससे रात के तापमान में गिरावट हुई और ठंडक के चलते लोगों ने राहत की नींद ली। वहीं सुबह होते ही सूरज एक बार फिर से तमतमा गया। जिससे उमस बढ़ गई और लोग परेशान होने लगे। वहीं शहर में बुधवार दोपहर अचानक काले बादल उमड़े, लेकिन उसी तेजी से आसमान साफ भी हो गया। बादलों की इस खेप से दोपहर दो बजे मामूली बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी के बाद हवा की गति धीमी होने से शाम तक उमस बढ़ गई। रात तक लोग चिपचिपी गर्मी से बेचैन रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। सुबह की आद्र्रता 80 और शाम की आद्र्रता 71 प्रतिशत थी। उत्तर-पश्चिमी हवा दो किमी प्रतिघंटा की गति से चली। दोपहर में 4.2 मिमी बारिश रेकॉर्ड हुई। इसे मिलाकर सीजन में अब तक 990.9 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार लगातार उमस और गर्मी से बुधवार को स्थानीय बादल बने। इनके प्रभाव से दोपहर में हल्की बारिश हुई। गुरुवार को सम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।