
जबलपुर। सामान्य दिनों की तरह स्कूल में छात्राएं पढ़ाई कर रहीं। मैडम ब्लैकबोर्ड पर सवाल लिखकर समझा रहीं थीं। सब अपने अपने में मगन थे। क्लास रूम में शांति थी, केवल पढ़ाई हो रही थी। इसी बीच अचानक एक छात्रा चीख पड़ी, जिसके पूरी क्लास उसकी तरफ देखने लगी, फिर सभी छात्राएं चीखते चिल्लाते हुए बाहर भागने लगीं और पूरी स्कूल में हंगामा मच गया। जब स्कूल टीचर्स ने मामला जाना तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दरअसल क्लास रूम में एक वयस्क किंग कोबरा घुस आया था। जिसे देखकर पूरी क्लास चिल्लाने लगी थी।
ये है मामला-
एमएलबी कन्या उमावि में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कम्प मच गया, जब डीएड व बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम के पास ५ फीट लंबा सांप दिखा। डीएड परीक्षा की कॉपियों की जांच कर रहे शिक्षक बाहर आ गए। आधे घंटे की मशक्कत के बाद शिक्षक आरिफ खान व कर्मचारी आशीष ने सांप को पकड़ा। उधर, पीपी कॉलोनी ग्वारीघाट में सुरेश प्रताप के रसोईघर से ५.३० फीट लंबा कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी। रसोईघर में केरोसिन की गंध से कोबरा शिथिल हो गया था। सर्प विशेषज्ञ दुबे ने सांप का प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद उसे वेटरनरी विवि ले जाया गया। शाम को उसे तिलवारा में छोड़ा गया।
हो जाती बड़ी घटना
सर्प विशेषज्ञ दुबे के अनुसार यदि समय रहते छात्राओं की नजर इस कोबरा पर नहीं पड़ती तो बहुत बड़ी घटना घट सकती थी। यह इतना जहरीला सांप है कि इसकी एक फुंफकार से ही लोग बेहोश हो जाते हैं। वहीं डंसने पर इसका जहर तत्काल खून का प्रवाह रोक देता है। स्कूल प्रांगण की जांच की जा रही है, यदि और छोटे सांप निकले तो उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाएगा।