
Rahul Gandhi car attacked
जबलपुर। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर गुजरात के बाढग़्रस्त क्षेत्रों के दौरा के दौरान कुछ लोगों ने उन पर पत्थर बरसा दिए। जिससे उनकी कार के शीशे टूट गए, वहीं एक सुरक्षा कर्मी भी घायल हो गया। राहुल गांधी ने इसे भाजपा का षडय़ंत्र बताया है। वहीं उन पर हुए हमले को लेकर पूरे देश में कांग्रेसियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। दिल्ली से लेकर जबलपुर तक शाम को प्रदर्शन किए गए। जबलपुर में देर शाम हुए प्रदर्शन में कांग्रेसी इतने उत्तेजित हो गए कि वे उग्रता पर उतर आए। जिसके बाद पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। इसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं, वहीं युवा मोर्चा के शशांक दुबे का पैर टूट गया। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है।
READ MUST- वकील के साथ मारपीट से गुस्साए साथी, मांगा प्रोटेक्शन
राहुल गांधी पर गुजरात में हुए हमले का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को उग्र हो गए। कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व एनडीए सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया। जेट्री गेट पर लगे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व भाजपा नेताओं के पोस्टर फाड़े और जलाए गए। कांग्रेसियों ने पुलिस की गाडि़यों में भी जमकर तोड़-फोड़ की। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। जिसमें २० ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस पर बर्बरता का आरोप
कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि वे सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन पर बर्बरता पूर्ण तरीके से लाठियां बरसाईं। जिसमें युवक कांग्रेस लोकसभा क्षेत्र जबलपुर अध्यक्ष शशांक दुबे का पैर फै्रक्चर हो गया। अमित सोनकर, जाबांज राइन, सलमान खान, रघु तिवारी, अरविंद पाठक समेत २० के लगभग कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। पुलिस सैकड़ों कार्यकर्ताओं को वाहनों में भरकर जेल मैदान ले गई। सीएसपी हरिओम शर्मा के अनुसार प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस की गाड़ी को तोड़ा और शासकीय सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया। २८ लोगों को गिरफ्तार कर जेल ले जाया गया। कुछ देर के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
ये शामिल : कांग्रेस के प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लखन घनघोरिया, नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, राममूर्ति मिश्रा, संजय यादव, गुड्डू चौबे, रमेश चौधरी, तेज कुमार भगत, राशिद सुहैल सिद्धकि, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, महेश कोरी, राजीव तिवारी, जितिन राज, रीतेश अग्रवाल, अनुराग गढ़वाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। शनिवार को भी पार्टी कार्यकर्ता शहरभर में घटना का विरोध करेंगे।
Published on:
05 Aug 2017 11:05 am
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
