
loot at underworld
जबलपुर। कोतवाली की एक सराफा दुकान में काम करने वाले युवक की जल्द अमीर बनने की चाहत ने उसे अपराधी बना लिया। युवक ने पड़ोस की दुकान के संचालक की रेकी की और उसका वीडियो बनाया। यह वीडियो दोस्तों को दिखाया। शुक्रवार को आरोपितों ने लूट प्लान की। एक अन्य दोस्त की बाइक ली, लेकिन वे मुंह बांधकर लूट कर पाते, इसके पूर्व सराफा व्यापारी उन्हें पहचान गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और तीनों को दबोच लिया। तीनों ने यह बात कबूली कि वे लूट की फिराक में थे।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि धनवंतरी नगर भूकंप कॉलोनी निवासी रोहित शिवहरे उर्फ रौनक एक सराफा दुकान में काम करता है। रोहित जल्द अमीर बनना चाहता था। उसे पता था कि पड़ोस की दुकान का संचालक रोजाना शाम को लाखों रुपए जमा करने बैंक जाता है। यह पता चलते ही उसने साथी भृूकंप कॉलोनी निवासी पवन साहू व एक किशोर को तैयार किया। पवन व किशोर ने रोहित के इशारे पर संचालक की रेकी की। वीडियो बनाया। पल-पल की जानकारी जुटाई। तब रोहित ने लूट के लिए शुक्रवार को चुना। इसके लिए पहले लकडग़ंज निवासी एक अन्य दोस्त के यहां रोहित पहुंचा और वहां से उसकी बाइक ली। अपनी स्कूटर वहां खड़ी कर दी। जिसके बाद बाइक का नंबर बदला। तीनों सराफा व्यापारी के पीछे लग गए, लेकिन उसे इसकी भनक लग गई। सराफा व्यापारी ने मुंह पर कपड़ा बांध खड़े रोहित को कदकाठी से पहचान लिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को जब पकड़ा गया तो उन्होंने जल्द अमीर बनने की बात कबूल की। तीनों मध्यमवर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। व्यापारी की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं यह भी पूछताछ की जा रही है कि इसके पहले भी तो इन्होंने ऐसी किसी वारदात को अंजाम तो नहीं दिया है।
Updated on:
05 Aug 2017 10:18 am
Published on:
05 Aug 2017 09:35 am
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
