5 किलो रहती है एलपीजी, खपत बढ़ाने के लिए गैस कंपनियों का नया फंडा
जबलपुर। पांच किलो रसोई गैस वाले अप्पू सिलेंडर की खपत बढ़ाने के लिए अब एलपीजी कंपनियां इसे किराना स्टोर, सुपर मार्केट में भी बेचेंगी। अभी तक इसका विक्रय केवल गैस एजेंसी के माध्यम से होता है। घरेलू रसोईगैस सिलेंडर में १४.२ किलो रसोई गैस होती है। नीले रंग के व्यावसायिक सिलेंडर में १९ किलो गैस होती है। इन दोनों के बीच पांच किलो के सिलेंडर की शुरुआत भी की गई थी। इसे अप्पू सिलेंडर नाम दिया गया है। इसे उन लोगों के लिए लॉन्च किया गया था, जो कम मात्रा में रसोईगैस की खपत करते हैं। इनमें पेशेवर और स्टूडेंट प्रमुख हैं।
इनके लिए १४.२ किलो का सिलेंडर खरीदना महंगा पड़ता है। इसके लिए कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं। जबकि, अप्पू सिलेंडर केवल आईडी दिखाकर मिल जाता है। लेकिन, इसे खरीदना पड़ता है। देखने में यह आया कि इस सिलेंडर की मांग अच्छी नहीं है। इसे लॉन्च किए हुए एक साल का समय हो चुका है, लेकिन प्रत्येक माह जिले में इसकी खपत २५० सिलेंडर के करीब हैं। एेसे में इसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इसे किराना स्टोर तक ले जाने की योजना बनाई गई है। अभी पेट्रोल पम्पों में भी इसे विक्रय के लिए रखा जा रहा है।
महंगा है सिलेंडर
यह सिलेंडर भले ही नाममात्र की औपचारिकताओं के मिल जाता है। लेकिन, यह महंगा पड़ता है। इसे ८५० रुपए और १८ फीसदी जीएसटी के साथ खरीदा जा सकता है। पांच किलो के सिलेंडर के लिए वर्तमान में लगभग २९९ रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। जबकि, १४.२ किलो सिलेंडर की कीमत लगभग ५१५ है। इसमें भी सब्सिडी होती है। इसलिए लोग १४.२ किलो का सिलेंडर खरीदना ही उचित समझते हैं।
यह है स्थिति
२५० सिलेंडर जिले में महीने
की खपत
२९९ रुपए चुकाने पड़ रहे एक सिलेंडर के
०१ साल हो हो गए लॉन्च हुए
१४.२ किलो सिलेंडर की कीमत लगभग ५१५
अप्पू सिलेंडर सुविधाजनक है। यह कुछ विशेष वर्ग के लिए लॉन्च किया गया है। इसे ज्यादा लोगों के बीच पहुंचाने के लिए अब इन्हें डीलर के माध्यम से किराना दुकान एवं दूसरे बडे़ स्टोर में भी बेचा जाएगा।
- आर. उमापति, सीनियर रीजनल मैनेजर (एलपीजी) हिन्दुस्तान पेट्रोलियम