
जबलपुर। गर्मी के साथ उमस होने के कारण परेशानी हो रही है। शहर में बुधवार सुबह से बादल तो छाए हैं, लेकिन बारिश होने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। सोमवार शाम हुई बारिश के बाद मंगलवार को बादल नहीं बरसे। बुधवार को सुबह 10 बजे से धूप का असर होने लगा। जैसे-जैसे धूप तेज हुई गर्मी बढ़ती गई। इस दौरान लोग गर्मी और उसम से परेशान हुए। दोपहर 12 बजे के बाद आसमान पर बादलों का डेरा हुआ और गर्मी कुछ कम हुई।
बंगाल की खाड़ी में बना है कम दबाव का चक्रवात
दिनभर बादल छाए, गर्मी और उमस से लोग फिर हुए बेहाल
शाम को बारिश नहीं होने के कारण कोई खास राहत नहीं मिली। शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले सोमवार को हल्की बारिश के कारण अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान सामान्य के स्तर पर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। 7 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार से चल रही पश्चिमी हवा के कारण गर्मी रही तो आद्र्रता ने उमस बढ़ाई। सुबह की आद्र्रता 65 और शाम की आद्र्रता 30 प्रतिशत रही। वाष्पोत्सर्जन के कारण आसमान पर बादलों का डेरा बन गया था।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक आरके दत्ता ने बताया, मानसून सीजन में 33 मिमी प्री मानसून बारिश हो चुकी है। इस कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का चक्रवात बना है, इसके प्रभावी होने पर बुधवार को शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मानसून की दस्तक के पहले तक कभी कभी हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसी प्रकार कहीं कहीं बादल भी छाए रहेंगे। कर्नाटक तक मानसून दस्तक दे चुका है। ओडिशा में प्रवेश के दस दिन बाद जबलपुर में मानसून आता है। शहर में 26 जून तक मानसून के दस्तक की संभावना है।